How to Make Idli Without Idli Maker: बिना इडली मेकर के घर पर कैसे बनाएं स्वादिष्ट इडली, 20 मिनट में बनकर हो जाएगी तैयार

अगर आपको इडली खाने का मन कर रहा है. लेकिन आपके घर में इडली मेकर नहीं है तो परेशान मत होइए. घर पर बिना इडली मेकर के आसानी से इडली बना सकते हैं. चलिए आपको इस घरेलू तरीके के बारे में बताते हैं.

Idli Recipe
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 26 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 1:39 PM IST

आपके घर पर इडली बनाने का सांचा नहीं है. लेकिन आप घर पर इडली बनाकर खाना चाहते हैं तो आपको इडली मेकर खरीदने की जरूरत नहीं है. आप आसानी से घर पर बिना इडली स्टैंड के इडली बना सकते हैं और उसका स्वाद ले सकते हैं. ये तरीका खूब लोकप्रिय हो रहा है. चलिए आपको इसका घरेलू तरीका बताते हैं.

कैसे तैयार करें बैटर?
इडली बनाने के लिए सबसे पहले एक कप सूजी लेते हैं. इसमें नमक और आधा कप दही मिलाते हैं. इसके बाद थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर एक स्मूद बैटर तैयार करते हैं. एक कप सूजी के लिए करीब तीन-चौथाई कप पानी की जरूरत पड़ती है. बैटर को 10 मिनट के लिए ढककर रख दें. इससे सूजी अच्छे से फूल जाती है.

कैसे तैयार करें इडली मेकर?
अगर इडली बनाने के लिए आपके पास इडली मेकर नहीं है तो आप घर में मौजूद छोटी-छोटी कटोरियों का इस्तेमाल कर सकते हैं. इसके लिए पहले कटोरियों में तेल लगा लें, ताकि इडली कटोरी में चिपके नहीं.

इसके बाद एक कढ़ाई लें और उसमें पानी गर्म करें, ताकि भाप तैयार हो जाए. इसमें नींबू का छिलका डाल दें. इससे बर्तन काला नहीं होता है.

बिना स्टैंड कैसे बनाएं इडली?
जब बैटर तैयार हो जाए तो उसमें एक चम्मच ENO मिला दें. इसके बाद इसमें थोड़ा सा पानी मिलाकर अच्छी तरह से मिलाएं. इसके बाद इसे छोटी-छोटी कटोरियों में आधा-आधा भर लें. इसके बाद इन कटोरियों को कढ़ाई में रख दें. ये ध्यान देना है कि कढ़ाई में एक स्टैंड रख देना है, ताकि उसपर कटोरियों को अच्छी तरह से रखा जा सके. इसके बाद कढ़ाई को ढक दें. इसमें इडली 15 मिनट में पककर तैयार हो जाएगी.
 
कैसे तैयार करें चटनी?
इडली तो तैयार हो गई है. अब इसके लिए चटनी तैयार करना है. इसके लिए एक नारियल को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें और इसको मिक्सी जार में डालें. इसके बाद इसमें भुनी मूंगफली, हरी मिर्च, अदरक, हरा धनिया, दही, नमक और नींबू का रस मिलाएं. इसके बाद इसे अच्छी तरह से पीस लें. इसको एक बर्तन में निकाल लें. इसके बाद इसमें करी पत्ता और हरी मिर्च का तड़का लगाए. अब आपकी चटनी तैयार हो गई है. आप इडली और चटनी का स्वाद ले सकते है.

ये भी पढ़ें:

 

Read more!

RECOMMENDED