Rabdi Recipe: मन किया कुछ मीठा खाने का.. तो फिक्र नॉट, इस तरीके से बनाएं झटपट टेस्टी रबड़ी

पारंपरिक तरीके से रबड़ी बनाना भले ही स्वाद से भरपूर हो, लेकिन इसमें घंटों लग जाते हैं और लगातार दूध चलाने की मेहनत भी करनी पड़ती है.

Instant Rabdi Recipe
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 15 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 2:16 PM IST

कुछ मिठाइयां ऐसी होती हैं जिनका नाम सुनते ही मन ललचा जाता है, और रबड़ी उन्हीं में से एक है. दूध की गाढ़ी परतों से बनी मलाईदार रबड़ी न सिर्फ देखने में लाजवाब लगती है, बल्कि इसका क्रीमी और मीठा स्वाद हर उम्र के लोगों को पसंद आता है. पारंपरिक तरीके से रबड़ी बनाना भले ही स्वाद से भरपूर हो, लेकिन इसमें घंटों लग जाते हैं और लगातार दूध चलाने की मेहनत भी करनी पड़ती है.

अगर अचानक मीठा खाने का मन हो जाए या घर पर मेहमान आ जाएं, तो अब टेंशन लेने की जरूरत नहीं. एक आसान सी ट्रिक से आप महज 10 मिनट में इंस्टेंट रबड़ी तैयार कर सकती हैं. स्वाद में यह पारंपरिक रबड़ी जैसी ही होगी, बस मेहनत और समय दोनों की बचत होगी.

इंस्टेंट रबड़ी के लिए जरूरी सामग्री
इस झटपट रेसिपी के लिए आपको ज्यादा चीजों की जरूरत नहीं पड़ेगी. फुल क्रीम दूध, ब्रेड स्लाइस, कंडेंस्ड मिल्क, केसर के धागे, बादाम और काजू की कतरन, साथ में हरी इलायची. बस इन्हीं से तैयार होगी गाढ़ी और लच्छेदार रबड़ी.

आसान तरीका, शानदार नतीजा
सबसे पहले फुल क्रीम दूध को गैस पर उबालने के लिए रख दें. जब तक दूध में उबाल आए, ब्रेड स्लाइस के भूरे किनारे काटकर अलग कर दें और सफेद हिस्से को मिक्सर में पीसकर बारीक पाउडर बना लें. करीब 5 मिनट में दूध उबलने लगे तो उसमें यह ब्रेड पाउडर डाल दें. इससे दूध बहुत जल्दी गाढ़ा होने लगेगा और रबड़ी का बेस तैयार हो जाएगा.

अब इसमें कंडेंस्ड मिल्क मिलाएं और धीमी आंच पर चलाते रहें. कंडेंस्ड मिल्क न सिर्फ मिठास देता है, बल्कि रबड़ी को और क्रीमी भी बना देता है. अगर कंडेंस्ड मिल्क उपलब्ध न हो, तो थोड़े से दूध में घुला मिल्क पाउडर भी इस्तेमाल किया जा सकता है. स्वाद के अनुसार हल्की सी चीनी भी डाली जा सकती है.

खुशबू और स्वाद का फाइनल टच
जब रबड़ी अच्छी तरह गाढ़ी होने लगे, तब इसमें बादाम और काजू की कतरन डालें. रंग और खुशबू के लिए दूध में भिगोए हुए केसर के धागे और कुटी हुई हरी इलायची मिला दें. दो–तीन मिनट और पकाने के बाद आपकी गाढ़ी, मलाईदार और खुशबूदार इंस्टेंट रबड़ी तैयार है.

इस रबड़ी को आप गरमागरम भी सर्व कर सकती हैं और ठंडा करके भी. चाहें तो इसे गुलाब जामुन, जलेबी या रसगुल्ले के साथ भी परोस सकती हैं. कम समय में बनने वाली यह रेसिपी हर मौके पर मिठास बढ़ाने के लिए परफेक्ट है.

 

Read more!

RECOMMENDED