Dhaniya Tamatar Chutney
Dhaniya Tamatar Chutney
Coriander-Tomato Chutney Recipe: अधिकांश लोगों को चटनी काफी पसंद होती है. इस हर मौसम में लोग खूब खाते हैं. भोजन कैसा भी हो यदि उसके साथ लाल टमाटर और हरी धनिया की चटनी मिल जाए तो खाने का स्वाद बढ़ जाता है. हम आपको धनिया-टमाटर की चटनी (Dhaniya Tamatar Chutney) की आसान रेसिपी बता रहे हैं. इस विधि से यदि आप चटनी बनाएंगी तो घरवाले बार-बार मांग कर खाएंगे.
आप धनिया-टमाटर की चटनी को अपने स्वाद के अनुसार खट्टी-मीठी या फिर तीखी बना सकते हैं. इस चटनी में दो-चार हरी मिर्च डाल देंगे तो खाने पर मन खुश हो जाएगा. धनिया-टमाटर की चटनी जहां स्वादिष्ट होती है, वहीं इसे खाने से शरीर को काफी लाभ भी मिलते हैं. टमाटर में मौजूद विटामिन सी और एंटीऑक्सीडेंट्स इम्यूनिटी को बढ़ाते हैं. इसमें मौजूद लाइकोपीन हार्ट के लिए काफी फायदेमंद होता है. धनिया हमारे पाचन तंत्र के लिए लाभदायक होता है. इतना ही नहीं, धनिया में एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण भी पाए जाते हैं, जो शरीर में सूजन को कम करने में मदद करते हैं.
धनिया-टमाटर की चटनी बनाने के लिए जरूरी सामग्री
1. लाल टमाटर
2. हरी धनिया पत्ती
3. हरी मिर्च
4. अदरक
5. जीरा
6. हींग
7. राई
8. हल्दी पाउडर
9. लाल मिर्च पाउडर
10. स्वादानुसार नमक
11. नींबू
12. सरसों का तेल
धनिया-टमाटर की चटनी बनाने की विधि
धनिया-टमाटर की चटनी बनाने के लिए सबसे पहले पके टमाटर को लेकर उसे पानी से अच्छी तरह से धो लें. इसके बाद इन टमाटरों को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें. अब हरी धनिया पत्ती को पानी में अच्छी तरह धोकर बारीक काट लें. इसके बाद हरी मिर्च और अदरक को भी बारीक काट लें. इतना सबकुछ करने के बाद एक मिक्सर जार में टमाटर, धनिया पत्ती, हरी मिर्च, अदरक, जीरा, हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, हींग और नमक डालें. फिर इसमें हल्का पानी डालकर महीन पेस्ट बना लें. इसके बाद चूल्हा या गैस जलाएं. उसके ऊपर एक छोटे पैन को चढ़ाएं. इस पैन में सरसों का तेल डालें. तेल जब गर्म हो जाए तो उसमें राई डालें. जब राई चटकने लग जाए तो उसमें बारकी कटी हरी मिर्च को डालें.
अब इस तैयार तड़के को चटनी में डालकर अच्छी तरह से मिक्स कर लें. अंत में अपने स्वादानुसार नींबू का रस डालकर अच्छी तरह से मिला लें. इस तरह से आपकी धनिया और टमाटर की चटनी खाने के लिए तैयार है. इस चटनी को आप किसी भी व्यंजन के साथ पोरस सकती हैं. यदि आप धनिया और टमाटर की चटनी गाढ़ी पसंद करते हैं तो कम पानी डालें. आप अपनी पसंद के मुताबिक हरी मिर्च की मात्रा घटा-बढ़ा सकती हैं. बस ध्यान रखें इस चटनी को बनाने के लिए ताजा धनिया पत्ती का ही इस्तेमाल करें. इससे चटनी का स्वाद काफी बढ़ जाता है. आप धनिया-टमाटर की चटनी को फ्रिज में दो-तीन दिनों तक स्टोर करके रख सकते हैं.