हम लोगों ने आलू, गोभी, बथुआ, पनीर और न जाने कितनी चीज़ों के पराठे के बारे में सुना है. लेकिन आज हम आपके लिए लेकर आए हैं पंचरतन परांठा. यह परांठा न केवल स्वादिष्ट है बल्कि स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी है. इसे बनाने में पांच प्रकार की दालों का उपयोग किया गया है, जो इसे प्रोटीन से भरपूर बनाती हैं. यानी एक तरह से यह बॉडीबिल्डर पराठा है.
कैसे बनेगा पंचरतन पराठा
इस रेसिपी में पांच प्रकार की दालें इस्तेमाल होती हैं. जिसमें उड़द की धुली दाल, अरहर दाल, लाल मलका दाल, चना दाल और मूंग धुली दाल का उपयोग किया जाता है. इसके अलावा, आटा, कसूरी मेथी, सौंफ पाउडर, अमचूर पाउडर, सूखा धनिया, लाल मिर्च पाउडर, गरम मसाला, बेसन, जीरा, हींग, हरी मिर्च और ग्रेटेड अदरक जैसी सामग्री का उपयोग किया जाता है.
कैसे होगा तैयार
इसे बनाने के लिए दालों को पहले धोकर भिगोना जरूरी है. इसके बाद, दालों को अदरक और हरी मिर्च के साथ दरदरा पीस लिया जाता है. अब पैन में तेल गर्म करके हींग, जीरा और बेसन को भूनने के बाद मसाले और दाल की पेस्ट डालकर इसे अच्छी तरह से पकाया जाता है. दाल की पिठी तैयार होने के बाद इसे ठंडा करके आटे में मिलाया जाता है.
पराठा बेलने और सेकने का तरीका
आटे को गूंथकर छोटे-छोटे पेड़े बनाए जाते हैं. तवे पर पराठे को मीडियम आंच पर दोनों तरफ से सेककर हल्का ब्राउन किया जाता है. पराठे को घी या तेल लगाकर करारा बनाया जाता है.
यह पराठा कचौरी के स्वाद का अनुभव देता है, लेकिन यह मैदे की कचौरी की तुलना में अधिक हेल्दी है. इसे आलू की सब्जी, अचार या सीताफल की सब्जी के साथ परोसा जा सकता है. यह परांठा सफर के लिए भी अच्छा है क्योंकि यह जल्दी खराब नहीं होता.