Schezwan Chutney Recipe: स्नैक्स का स्वाद लगेगा लाजवाब.. बाज़ार के तीखेपन से मिलेगा छुटकारा, अपने अनुसार रखें चटनी का स्वाद

चिकन स्टार्टर्स हों या वेज स्नैक्स, फ्राइड राइस हो या चाउमीन, मोमोज हों या स्प्रिंग रोल. शेजवान चटनी हर जगह परफेक्ट फ्यूजन बैठाती है.

Schezwan Chutney Recipe
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 20 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 10:32 AM IST

शेजवान चटनी इंडो-चाइनीज़ फूड की जान मानी जाती है. इसका तीखा, चटपटा और हल्का सा खट्टा-मीठा स्वाद किसी भी साधारण डिश को भी खास बना देता है. चिकन स्टार्टर्स हों या वेज स्नैक्स, फ्राइड राइस हो या चाउमीन, मोमोज हों या स्प्रिंग रोल. शेजवान चटनी हर जगह परफेक्ट फ्यूजन बैठाती है. इतना ही नहीं, पराठे, पकौड़े या सैंडविच के साथ भी इसका स्वाद कमाल का लगता है. 

घर पर शेजवान चटनी बनाने के लिए आपको बहुत ज्यादा चीज़ों की जरूरत नहीं होती. सूखी लाल मिर्च, टमाटर, अदरक, लहसुन की कलियां, नमक, काली मिर्च, सूखा धनिया पाउडर, तेल, विनेगर, चीनी और सोया सॉस, इन्हीं आसान सामग्रियों से आप एकदम परफेक्ट चटनी तैयार कर सकते हैं. अगर आप कम तीखा स्वाद पसंद करते हैं तो सामान्य लाल मिर्च की जगह कश्मीरी लाल मिर्च का इस्तेमाल कर सकते हैं. 

अपने स्वाद के हिसाब से करें एडजस्ट
शेजवान चटनी आमतौर पर काफी तीखी होती है, लेकिन इसकी सबसे अच्छी बात यह है कि आप इसे अपने स्वाद के अनुसार आसानी से एडजस्ट कर सकते हैं. मिर्च की मात्रा कम-ज्यादा करके, चीनी की हल्की सी मात्रा बढ़ाकर या टमाटर की प्यूरी ज्यादा डालकर इसका टेस्ट बैलेंस किया जा सकता है. इस तरह यह बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आ सकती है.

शेजवान चटनी बनाने की आसान विधि

• सबसे पहले सूखी लाल मिर्च लें और उन्हें हल्के गुनगुने पानी में लगभग आधे घंटे के लिए भिगो दें. इससे मिर्चें फूलकर नरम हो जाएंगी और उनका पेस्ट स्मूद बनेगा. तय समय के बाद मिर्चों को पानी से निकाल लें और मिक्सर में पीसकर एक गाढ़ा पेस्ट तैयार कर लें.

• अब एक पैन में तेल गर्म करें और उसमें बारीक कटा अदरक और लहसुन डालें. जब लहसुन हल्का सुनहरा होने लगे, तब इसमें तैयार मिर्च का पेस्ट डाल दें. मध्यम आंच पर इसे लगातार चलाते हुए अच्छे से भूनें ताकि कच्चापन खत्म हो जाए.

• जब मसाला अच्छी तरह पक जाए, तब इसमें चार-पांच चम्मच पानी डालें और अच्छे से मिक्स करें. इसके बाद विनेगर और सोया सॉस डालकर चटनी को एकदम स्मूद होने तक चलाएं. अब इसमें टमाटर की प्यूरी, पिसी काली मिर्च, सूखा धनिया पाउडर और स्वादानुसार नमक डालें. टेस्ट को बैलेंस करने के लिए थोड़ी सी चीनी भी मिला सकते हैं.

• चटनी को ढककर दो से तीन मिनट तक धीमी आंच पर पकाएं. जब तेल हल्का सा ऊपर आने लगे और खुशबू बढ़ जाए, तब गैस बंद कर दें. आपकी स्वादिष्ट और चटपटी शेजवान चटनी पूरी तरह तैयार है.

 

Read more!

RECOMMENDED