Water Tank Cleaning Tips: आपने छत पर लगा रखी है पानी की टंकी, जानें वॉटर टैंक को साफ रखने के 10 आसान तरीके

Methods for Cleaning Water Tanks: आपने यदि घर की छत पर पानी की टंकी लगा रखी है तो आपके लिए जरूरी खबर है. पानी की टंकी को समय-समय पर साफ करते रहना चाहिए. यहां आप पानी की टंकी को साफ करने के 10 तरीकों के बारे में जान सकते हैं. टंकी के ढक्कन को कसकर बंद रखें. टंकी में जामुन की लकड़ी डालें. ब्लीचिंग पाउडर और फिटकरी से टंकी को साफ करें.

Methods for Cleaning Water Tanks
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 02 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 12:25 PM IST

पानी की टंकी का गंदा पानी पीने से कई तरह की बीमारियां हो सकती हैं. यदि आपने घर की छत पर पानी की बड़ी टंकी लगा रखी है और इस टंकी को साफ करने को लेकर परेशान हैं तो आपकी परेशानी यहां दूर हो सकती है. हम आपको 10 आसान उपाय बता रहे हैं, जिन्हें आजमाकर आप पानी टंकी को सिर्फ पांच मिनट में साफ कर सकते हैं. आपको मालूम हो कि टंकी के पानी का धुंधला या रंग बदला हुआ हो, पानी से अजीब गंध आ रही हो या स्वाद खराब हो,  टंकी की दीवारों पर काई जमी हो, टंकी के अंदर की सतह का चिपचिपा महसूस हो तो पानी की टंकी की तुरंत सफाई करनी चाहिए.

पानी की टंकी को साफ रखने के आसान तरीके 
1. इतने दिनों में जरूर पानी की टंकी को करें साफ: आपको मालूम हो कि हर 6 महीने में पानी की टंकी को जरूर साफ करना चाहिए. अधिक दिन होने पर पानी की टंकी की तली में गाद, गंदगी और ऑर्गेनिक चीजें जमा हो जाती हैं. ऐसे में हर 6 माह में कम से कम एक बार पानी की टंकी की सफाई करने से पानी की क्वालिटी बनी रहती है.

2. ढक्कन को कसकर रखें बंद: पानी की टंकी के ढक्कन को हमेशा कसकर बंद रखना चाहिए. कसकर ढक्कन बंद रहने से पानी की टंकी में धूल, कीड़े-मकोड़े , पक्षियों की बीट और दूसरी गंदगी को टंकी में जाने से रोक सकता है.

3. सीधी धूप से दूर रखें पानी की टंकी: पानी की टंकी को सीधी धूप से दूर रखना चाहिए क्योंकि धूप से टंकी के अंदर काई (शैवाल) पनपती है. मोटी और धूप-रोधी टंकी का प्रयोग करने या टंकी के ऊपर छत या शेड लगाने से काई जमने से रोका जा सकता है. यदि टंकी के अंदर पानी गंदा दिखे या आपको तली में गंदगी जमा दिखे तो पानी इस्तेमाल करने से पहले टंकी को पूरी तरह खाली करके साफ कर लें.

4. पाइप के मुंह पर लगाएं जाली: पानी की टंकी को कचरे, कीड़े-मकोड़ों से सुरक्षित रखने के लिए पाइप के मुंह पर या टंकी के इनलेट पर बारीक जाली का इस्तेमाल बहुत जरूरी है. पानी टंकी में छोटी-छोटी दरारें भी बारिश का पानी या गंदगी को अंदर आने दे सकती हैं. ऐसे में दरारों या लीकेज की जांच करें.

5. टंकी के आस-पास की जगह को रखें साफ: पानी टंकी के पास गंदगी, केमिकल या रुका हुआ पानी न रहने दें, क्योंकि इनसे पानी के दूषित होने का खतरा बढ़ सकता है.

6. तेज बारिश के बाद टंकी की जरूर करें जांच: तेज बारिश होने के बाद पानी टंकी के ढक्कन और खुले पाइप वाले हिस्सों की जांच जरूर करें. यह चेक करें कि बारिश का पानी, गंदगी या दूसरी अशुद्धियां टंकी में नहीं गई हैं.

7. टंकी में डालें जामुन की लकड़ी: आप पानी की टंकी को साफ रखने के लिए उसमें जामुन की लकड़ी डाल सकते हैं. जामुन की लकड़ी टंकी में डालने पर हरी काई और फफूंद नहीं जमती है. अब टंकी में फ्रेश पानी भरकर उसमें 2 से 3 जामुन की लकड़ी डाल सकते हैं. ऐसा करने से पानी की टंकी कई दिनों तक साफ रहेगी.

8. टंकी को ब्लीचिंग पाउडर से करें साफ: आप पानी की टंकी को ब्लीचिंग पाउडर से साफ कर सकते हैं. इसके लिए सबसे पहले 1 लीटर पानी में 1 से 2 चम्मच ब्लीचिंग पाउडर मिलाकर घोल बना लें. फिर इस घोल को टंकी के अंदर डालें. अब आप झाडू या ब्रश की मदद से टंकी की सफाई करें. एक से दो बार टंकी में पानी भरकर उसे बाहर निकाल दें. इसके बाद फ्रेश पानी भरें. इससे टंकी एकदम साफ हो जाएगी. 

9. टंकी की फिटकरी से करें सफाई: टंकी की सफाई करने के लिए फिटकरी का भी प्रयोग कर सकते हैं. 20 से 30 ग्राम फिटकरी लेकर पानी में घोल लें. इस घोल को टंकी में डालें. यह घोल टंकी के तल पर जमी गंदगी को साफ कर देगा.

10. ...तो टंकी में उतर कर करें सफाई
यदि पानी की टंकी बहुत बड़ी है और टंकी का मुंह काफी बड़ा है तो आप टंकी में उतर कर इसकी सफाई कर सकते हैं. टंकी की सफाई करते समय हाथ में ग्लव्स जरूर पहनें. पानी की टंकी के अंदर ध्यान से उतरें क्योंकि फिसलने का डर रहता है. पानी की टंकी में जाकर आप ब्लीचिंग पाउडर और पानी से टंकी की साफाई कर सकते हैं. टंकी को पानी से अच्छे से धो दें. इस तरह से टंकी चकाचक साफ हो जाएगी. 


 

Read more!

RECOMMENDED