Advertisement

Fake GST Officer: यूट्यूब से सीख लिए अफसर के हाव-भाव, नकली जीएसटी अधिकारी बन रचाई शादी... फिर सामने आया सच तो हुआ यह

बरेली के हाफिजगंज इलाके में एक युवक ने खुद को जीएसटी इंस्पेक्टर बताकर धोखे से निकाह कर लिया. निकाह करने के बाद वह दहेज की मांग करने लगा. पूरे गांव में उसने लोगों को यह बताया कि वह एक अधिकारी बन गया है. लेकिन यह सच नहीं था.

सांकेतिक तस्वीर
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 08 जून 2025,
  • अपडेटेड 9:41 AM IST

आमतौर पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सभी टॉपिक से संबंधित वीडियो आसानी से मिल जाती है. खाना बनाने से लेकर 'बम' बनाने तक हर विषय पर वीडियो मौजूद हैं. एक शख्स ऐसा भी है जिसने यूट्यूब पर वीडियो देखकर अपना परिवार बना लिया. उत्तर प्रदेश के बरेली से सामने आए इस मामले में एक युवक ने वीडियो देखकर अधिकारी की ट्रेनिंग हासिल कर ली और बातचीत करने के तरीके से लेकर पहनावा तक अधिकारी जैसा कर लिया. 

इसके बाद उसने खुद को अफसर बता कर निकाह भी कर लिया. हालांकि बाद में जब चोर पकड़ा गया तो क्या हुआ, आइए जानते हैं.

क्या है पूरा मामला?
बरेली के हाफिजगंज इलाके में एक युवक ने खुद को जीएसटी इंस्पेक्टर बताकर धोखे से निकाह कर लिया. निकाह करने के बाद वह दहेज की मांग करने लगा. पूरे गांव में उसने लोगों को यह बताया कि वह एक अधिकारी बन गया है. जब दूल्हे के इस बर्ताव से लड़की वालों को शक हुआ तो दुल्हन और उसके परिजनों ने छानबीन शुरू की. छानबीन में पता चला कि वह फर्जी इंस्पेक्टर बनकर शादी कर चुका है. 

युवती के परिजनों ने जब इस पूरे मामले में जांच पड़ताल शुरू की तो पता चला कि युवक धोखेबाज है. वह कोई नौकरी नहीं करता बल्कि बेरोजगार है. इसके बाद युवती की ओर से हाफिजगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है. 

गांव में खुद को बताया था इंस्पेक्टर
दरअसल मामला यह है कि थाना हाफिजगंज क्षेत्र के रहने वाले शहजाद अहमद ने गांव में खुद को जीएसटी विभाग में इंस्पेक्टर बताकर लोगों पर काफी रौब दिखाया. वीडियो और फोटो बनाकर पोस्ट भी करता रहा. खुद को इंस्पेक्टर बताकर उसने इकरा नाम की लड़की से शादी करने के लिए उसके घर रिश्ता भेजा. जब लड़की के पिता ने उसकी नौकरी की पुष्टि करनी चाही तो आरोपी ने अपने परिजनों के साथ गांव में समाज के प्रमुख लोगों को भेजकर रिश्ता तय कराया. रिश्ता तय हुआ और दोनों का निकाह हो गया.

दहेज के लिए बनाती थी दबाव, फिर खुली पोल
युवती ने पुलिस को बताया है कि रिश्तेदारों के दबाव में आकर युवती के पिता ने 18 दिसंबर 2024 को निकाह के लिए हामी भर दी. यह शादी गांव के लोगों के दबाव में हुई थी. पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में इकरा ने आरोप लगाया कि निकाह के बाद उसकी सास शहनाज ने दहेज की मांग करनी शुरू कर दी और उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगी. जब काफी समझौते के बाद बात नहीं बनी तो परिवार के लोगों ने समझाने की कोशिश की. ससुराल वाले नहीं माने. 

इकरा के पिता उसे वापस घर लाने ससुराल पहुंचे. उस वक्त उन्हें तलाक की धमकी देकर भगा दिया गया. परिवार को पहले से ही शक था लेकिन इस सब के बाद उनका शक गहराता गया. निकाह के कुछ ही दिनों बाद इकरा को पता चला कि शहजाद न तो जीएसटी इंस्पेक्टर है और न ही किसी सरकारी विभाग में काम करता है. वह सिर्फ सोशल मीडिया पर लोगों को धोखा देने के लिए खाकी वर्दी पहनकर लोगों पर रौब जमाता था और पूरी तरह से बेरोजगार है. 

अब इकरा ने पुलिस के समक्ष शिकायत दर्ज कर दी है और वह घर लौट आई है. 
(बरेली से कृष्ण गोपाल राज की रिपोर्ट)
 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement