कई बार किस्मत दरवाजा खटखटाती है, लेकिन अगर समय रहते उसे पहचाना न जाए तो मौका हाथ से निकल सकता है. ऐसा ही एक अजब गजब मामला सामने आया है यूके की नेशनल लॉटरी से, यहां एक शख्स ने £1 मिलियन (करीब 10 करोड़ रुपये) की लॉटरी जीती लेकिन 6 महीने तक उसे क्लेम नहीं किया. क्या उस शख्स को पैसे मिले चलिए जानते हैं पूरी खबर.
6 महीने तक नहीं किया क्लेम
यह लॉटरी ड्रॉ 1 नवंबर 2025 को हुआ था. नियमों के मुताबिक, किसी भी विजेता को अपना इनाम क्लेम करने के लिए 180 दिन का समय दिया जाता है लेकिन इस मामले में लॉटरी विनर ने 6 महीने तक कोई क्लेम नहीं किया. जैसे-जैसे डेडलाइन करीब आई, लॉटरी ऑपरेटर लोगों से अपील करते रहे कि वे अपने टिकट चेक करें.
डेडलाइन से कुछ घंटे पहले आया सामने
आखिरकार, 30 अप्रैल 2026 की रात डेडलाइन खत्म होने से कुछ ही घंटे पहले लॉटरी विजेता ने टिकट क्लेम कर दिया. यानी अगर थोड़ी देर और हो जाती, तो उसके करोड़ों का इनाम मिट्टी में मिल जाता. खबरों की मानें तो विनर को अपने करोड़पति बनने के बारे में पता ही नहीं था..लॉटरी ऑपरेट के बार-बार अनाउंस करने के बाद शख्स ने अपने नंबर मैच किए और तब जाकर उसे विनर होने का पता चला. बताया जा रहा है कि यह टिकट साउथ ग्लॉस्टरशायर इलाके में खरीदा गया था. विजेता ने 6 में से 5 नंबर और बोनस बॉल मैच किए थे, जिससे उसे यह बड़ी रकम मिली.
कंपनी भी रह गई हैरान
लॉटरी ऑपरेट करने वाली कंपनी के अधिकारियों ने भी इस घटना को अजब गजब बताया. उनका कहना है कि आमतौर पर लोग समय रहते अपना इनाम ले लेते हैं, लेकिन आखिरी घंटों में इस तरह सामने आना बहुत कम देखने को मिलता है. कंपनी अब इस दावे की पूरी जांच करेगी, जिसके बाद विजेता को आधिकारिक रूप से रकम दी जाएगी.
लॉटरी नियमों के तहत, विजेता की पहचान फिलहाल गोपनीय रखी जा रही है. भुगतान से पहले टिकट की वैधता और सभी नियमों की जांच की जाएगी. इसके बाद विजेता तय करेगा कि वह अपनी पहचान सार्वजनिक करना चाहता है या नहीं.