यदि रोज का खाना फीका लग रहा है तो शिमला मिर्च की चटनी स्वाद को तुरंत बढ़ा सकती है. इस चटनी को बनाने के लिए न बहुत अधिक सामग्री की जरूरत पड़ती है और न ही इसे बनाने में ज्यादा समय लगता है. यदि आपने कभी शिमला मिर्च की चटनी नहीं खाई है तो एक बार जरूर शिमला मिर्च की चटनी ट्राई करें.
हम आपको इस चटनी को बनाने की सबसे आसान विधि बता रहे हैं. शिमला मिर्च की चटनी सिर्फ खाने में मस्त नहीं लगती बल्कि यह सेहत के लिए भी फायदेमंद होती है. शिमला मिर्च में काफी मात्रा में विटामिन सी और एंटीऑक्सीडेंट पाया जाता है, जो इम्यूनिटी बढ़ाने में मदद करते हैं. शिमला मिर्च की चटनी का हल्का स्मोकी फ्लेवर और मसालेदार ट्विस्ट किसी भी खाना को स्पेशल बना देते हैं.
शिमला मिर्च की चटनी बनाने के लिए जरूरी सामग्री
1. शिमला मिर्च: 2 कटी हुई
2. लहसुन: 4-5 कलियां
3. हरी मिर्च: 2
4. भुनी मूंगफली या चना दाल: 2 बड़े चम्मच
5. नींबू रस: 1 बड़ा चम्मच
6. जीरा: 1 छोटा चम्मच
7. तेल: 1 छोटा चम्मच सरसों तेल
8. नमक: स्वादानुसार
ऐसे बनाएं शिमला मिर्च की चटनी
शिमला मिर्च की चटनी बनाने के लिए जरूरी सामग्री जुटाने के बाद आपको सबसे पहले किसी चूल्हे या गैस को जलाकर उस पर पैन को रखकर गर्म करना होगा. इसके बाद गर्म पैन में सरसों का तेल डालना होगा. तेल गर्म होने के बाद उसमें जीरा डालकर चटकाएं. फिर कटी हुई शिमला मिर्च, लहसुन और हरी मिर्च डालकर चार से पांच मिनटों तक भून लें. ऐसा करने से शिमला मिर्च से कच्चापन दूर हो जाएगा और हल्की खुशबू आने लगेगी.
इसके बाद गैस को बंद कर दें. अब पैन से शिमला मिर्च के साथ भूनी सभी सामग्री को किसी बर्तन में बाहर निकाल लें और इसे ठंडा होने दें. ठंडा होने के बाद इसे मिक्सर जार में डालें. इसके साथ में भुनी मूंगफली या चना दाल, नमक और नींबू रस मिलाएं. थोड़ा सा पानी डालकर दरदरा या स्मूद जैसा आपको टेक्सचर पसंद हो वैसा पीस लें. इस तरह से शिमला मिर्च की चटनी खाने के लिए तैयार है. आप इस चटनी को फ्रिज में रखकर दो से तीन दिनों तक खा सकते हैं.