नॉनवेज खाने के शौकीन कड़ाही चिकन को बड़े ही चाव से खाते हैं. रेस्टोरेंट कड़ाही चिकन की खूब बिक्री होती है. यदि आप अपने घर पर कड़ाही चिकन बनाकर खाना चाहते हैं या चाहती हैं और परेशान हैं कि कड़ाही चिकन रेस्टोरेंट जैसा बनेगा या नहीं तो अब आपको परेशान होने की जरूरत नहीं है. हम आज आपको बता रहे हैं कि कैसे आप घर पर रेस्टोरेंट जैसा कड़ाही चिकन बना सकते हैं और इसको बनाने के लिए कौन-कौन सी सामग्री की जरूरत पड़ती है. आपको मालूम हो कि कड़ाही चिकन को बनाने में लगभग एक घंटे का समय लगता है. आप कड़ाही चिकन को रोटी, नान, पराठे या चावल के साथ खा सकते हैं.
कड़ाही चिकन के लिए जरूरी सामग्री
1. चिकन
2. प्याज
3. टमाटर
4. क्रीम
5. अदरक
6. हरी मिर्च
7. लौंग
8. अदरक-लहसुन का पेस्ट
9. नीबू का रस
10. काली मिर्च पाउडर
11. सरसों का तेल
12. नमक (स्वादानुसार)
13. लाल मिर्च पाउडर
14. काली इलायची
15. हल्दी पाउडर
16. गरम मसाला
17. कस्तूरी मेथी
कड़ाही चिकन बनाने की विधि
सबसे पहले चिकन को छोटे-छोटे टुकड़े में काट लें और फिर पानी में इसे धो लें. इसके बाद प्याज, टमाटर, हरी मिर्च और अदरक को बारीक काटें. फिर अदरक और लहसुन का पेस्ट तैयार करें. अब सभी मसाले निकालकर रख लें. इतना सब करने के बाद चिकन में नमक, मिर्च और कुछ मसालों के साथ मिलाकर 20 मिनट के लिए मैरीनेट करके रख लें. फिर टमाटर का पेस्ट तैयार करें. इसके बाद चूल्हा या गैस को जलाएं और उसपर कड़ाही को रखें. कड़ाही में तेल गर्म करें और फिर चिकन के टुकड़ों को हल्का ब्राउन होने तक फ्राई करें.
फिर चिकन के टुकड़े निकालकर एक बर्तन में रख लें. इसके बाद कड़ाही में थोड़ा और तेल डालकर गर्म कर लें. इसमें प्याज, हरी मिर्च, अदरक को भूनने के लिए डालें. प्याज को सुनहरा होने तक भूनें. फिर मिर्च पाउडर, हल्दी पाउडर, गरम मसाला और कसूरी मेथी डालें. अब इसमें टमाटर का मिश्रण डालें और फिर एक कप पानी डालकर कुछ देर तक पकने दें. जब मिक्सचर पक जाए, तब इसमें तले हुए चिकन के टुकड़े डालें. इतना सब होने के बाद सभी मसाले और नमक डालें. फिर बर्तन बंद करके करीब 15 मिनट तक पकाएं. अच्छी तरह पकने के बाद अच्छे स्वाद देने के लिए एक कप क्रीम डालें. इस तरह से कड़ाही चिकन बनकर तैयार है. इसे आप गर्मागर्म सर्व कर सकते हैं.