बालकनी से कबूतर भगाने के लिए लोग तरह-तरह के नुस्खे आजमाते हैं. कोई जाली लगवाता है तो कोई नकली बाज या चमकदार टेप टांग देता है. कई लोग तेज आवाज या पानी डालकर भी कबूतरों को दूर रखने की कोशिश करते हैं. लेकिन अब एक शख्स ने इससे भी एक कदम आगे बढ़कर AI यानी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से ऐसा सिस्टम बना दिया, जो कबूतर दिखते ही खुद उन पर पानी की बौछार कर देता है.
कबूतरों से परेशान होकर तैयार किया ये सिस्टम
यह अनोखा मामला सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म रेडिट पर वायरल हुआ है. यूजर ने अपनी बालकनी में बार-बार घोंसला बनाने वाले कबूतरों से परेशान होकर यह स्मार्ट सिस्टम तैयार किया. खास बात यह है कि इसमें इंसान को कुछ करने की जरूरत नहीं पड़ती. AI खुद कबूतर पहचानता है और तुरंत एक वॉटर गन एक्टिव होकर उन्हें भगा देती है.
Posts from the sideproject
कैमरा देखते ही AI पहचान लेता है कबूतर
इस सिस्टम में USB कैमरा लगाया गया है, जिसे Orange Pi 5 नाम के छोटे कंप्यूटर से जोड़ा गया. कैमरे की लाइव वीडियो फुटेज को AI मॉडल YOLO World V2 लगातार स्कैन करता रहता है. जैसे ही कैमरे में कबूतर दिखाई देता है, सिस्टम तुरंत अलर्ट हो जाता है. इसके बाद मोटर से जुड़ी पानी वाली गन कबूतर की दिशा में घूमती है और पानी की बौछार कर देती है. पूरा काम कुछ सेकंड में अपने आप हो जाता है.
छोटे-छोटे पार्ट्स से बना पूरा जुगाड़
इस AI सिस्टम में दो सर्वो मोटर, रेसिस्टर, ट्रांजिस्टर और बैटरी से चलने वाली मॉडिफाइड इलेक्ट्रिक वॉटर गन का इस्तेमाल किया गया है. सिस्टम Rockchip 3588 चिप के न्यूरल प्रोसेसिंग यूनिट पर चलता है, जिससे यह लगातार बिना रुके काम कर सकता है. यह सिर्फ कबूतरों तक सीमित नहीं है. AI में ओपन वोकैबुलरी डिटेक्शन फीचर होने की वजह से इसे दूसरी चीजों को पहचानने के लिए भी ट्रेन किया जा सकता है. यानी जरूरत पड़ने पर यह गिलहरी, बिल्ली या दूसरे जानवरों को भी पहचान सकता है.
ये भी पढ़ें: