How to Make Raw Papaya Chutney
How to Make Raw Papaya Chutney
गर्मी के मौसम में भारी-भरकम खाना खाना सेहत के लिए नुकसानदायक होता है. गर्मी में हलका भोजन करने का मन करता है. ऐसे में रोटी-चावल-दाल के साथ स्वाद के लिए चटनी मिल जाए तो मजा आ जाए. गर्मी के इस मौस में कच्चे पपीते की चटनी भोजन के स्वाद को बढ़ा देती है. चलिए आपको घर पर कच्चे पपीते की चटनी 5 मिनट में बनाने का तरीका बताते हैं.
चटनी के लिए कैसे तैयार करें कच्चा पपीता?
कच्चे पपीते की चटनी को बनाने के लिए मीडियम साइज का एक कच्चा पपीता लें. सबसे पहले पपीते को धोकर उसका छिलका उतार लें. इसके बाद फिर से एक बार पपीते को धो लें. इसके बाद पपीते को कद्दूकस कर लें. इसके बाद इसे एक पैन में लें और उसमें आधा चम्मच नमक और 2 गिलास पानी मिलाएं. इसके बाद इसे मीडियम फ्लेम पर 8-10 मिनट तक उबालें. इससे पपीता नरम हो जाता है.
कैसे तैयार करें मसाला?
जब कच्चा पीता उबल जाए और नरम हो जाए तो उसे छानकर अलग कर लें. इसके बाद एक कहाड़ी में एक चम्मच देसी घी गरम करें. इसके बाद इसमें 15-20 किशमिश और 10-12 काजू डालकर हल्का फ्राई करें. उसके बाद उसे निकाल लें. इसके बाद उसी घी में सौंफ, लौंग, दगड़ फूल, लाल मिर्च और दालचीनी जैसे साबुत मसाले डालें. इससे चटनी को खास सुगंध मिलती है.
पपीते को कैसे पकाएं?
अब उबला हुआ पपीता इस मसाले में मिलाया जाता है. इसमें एक छोटा चम्मच नमक और चीनी डालकर अच्छी तरह मिक्स करें. इस मिश्रण को ढककर मीडियम फ्लेम पर पकाएं. इसमें अलग से पानी डालने की जरूरत नहीं है, क्योंकि चीनी के पिघलने से ही यह अच्छी तरह पक जाएगा.
अब तैयार हो जाएगी चटनी-
पकने के दौरान इसमें पहले से तली हुई किशमिश भी डाल दें. इसको बार-बार चलाते रहें. जब चटनी पूरी तरह से पक जाए तो गैस बंद कर दें. इसके बाद इसमें जायफल कद्दूकस करके डाल दें. आखिर में इसमें नींबू का रस डालें. इससे चटनी जमती नहीं है. इसे ज्यादा गाढ़ा नहीं करना है, क्योंकि ठंडी होने के बाद चटनी गाढ़ा हो जाती है. अब आपकी चटनी तैयार है और इसे इस्तेमाल कर सकते हैं.
ये भी पढ़ें: