आम का मौसम हो और उससे बनी स्वादिष्ट मिठाई खाने को मिल जाए, तो बात ही अलग होती है. अगर आप हर बार आम से शेक या आइसक्रीम बनाकर बोर हो चुके हैं, तो इस बार मैंगो पेड़ा जरूर ट्राई करें. यह मिठाई स्वाद में लाजवाब होने के साथ-साथ बहुत आसानी से तैयार हो जाती है. सिर्फ 20 मिनट में बनने वाला यह मैंगो पेड़ा त्योहार, खास मौके या मेहमानों के स्वागत के लिए भी बेहतरीन विकल्प है. इसकी सबसे अच्छी बात यह है कि इसे बनाने के लिए बहुत कम सामग्री की जरूरत होती है और इसे कोई भी आसानी से घर पर बना सकता है. तो चलिए आपको बताते हैं मैंगो पेड़ा बनाने की रेसिपी के बारे में.
मैंगो पेड़ा बनाने के लिए सामग्री
मैंगो पेड़ा बनाने के लिए 2 कप मिल्क पाउडर, ¾ कप आम का गूदा, ¼ कप कंडेंस्ड मिल्क, 2 बड़े चम्मच घी, ¼ छोटा चम्मच इलायची पाउडर, 2 बड़े चम्मच कटे हुए पिस्ता और कुछ केसर के धागे लें. चाहें तो ऊपर से बादाम डालकर भी सजा सकते हैं.
मैंगो पेड़ा बनाने की विधि
सबसे पहले एक कड़ाही में घी गर्म करें. अब इसमें आम का गूदा डालें और 3 से 4 मिनट तक पकाएं, ताकि उसमें मौजूद अतिरिक्त पानी सूख जाए.
इसके बाद कंडेंस्ड मिल्क और इलायची पाउडर डालें. धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए पकाएं. इससे मिश्रण अच्छी तरह मिल जाएगा और उसमें अच्छी खुशबू आने लगेगी.
अब थोड़ा-थोड़ा करके मिल्क पाउडर डालें और लगातार चलाते रहें. ध्यान रखें कि इसमें गांठ न बने. कुछ ही मिनट में मिश्रण गाढ़ा होकर तैयार हो जाएगा.
पेड़े तैयार करें
मिश्रण को एक प्लेट में निकालकर थोड़ा ठंडा होने दें. फिर हाथों पर थोड़ा घी लगाएं और छोटे-छोटे गोले बनाकर उन्हें हल्का दबाकर पेड़े का आकार दें. ऊपर से पिस्ता, बादाम या केसर से सजाएं.
ऐसे करें सर्व और स्टोर
पेड़ों को 15 से 20 मिनट तक ऐसे ही रहने दें, ताकि वे अच्छी तरह सेट हो जाएं. इसके बाद इन्हें परोसें. अगर पेड़े बच जाएं, तो उन्हें एयरटाइट डिब्बे में भरकर फ्रिज में रखें. इससे वे कुछ दिनों तक ताजे और स्वादिष्ट बने रहेंगे.
ये भी पढ़ें: