scorecardresearch

Kathal Biryani Recipe: वेज छोड़ो, इस बार बना लो कटहल बिरयानी, एक बार खाए तो बार-बार बनाने का करेगा मन

कटहल को अक्सर 'वेजिटेरियन मटन' भी कहा जाता है, क्योंकि इसकी बनावट काफी हद तक नॉनवेज जैसी लगती है. यही वजह है कि यह डिश शाकाहारी लोगों के साथ-साथ नॉनवेज पसंद करने वालों को भी पसंद आ सकती है. अगर आप घर पर रेस्टोरेंट जैसा स्वाद चाहते हैं, तो इस आसान रेसिपी को जरूर आजमाएं.

katahal biryani recipe katahal biryani recipe

अगर आप रोज-रोज एक जैसी वेज डिश खाकर बोर हो गए हैं और कुछ नया ट्राई करना चाहते हैं, तो कटहल बिरयानी आपके लिए शानदार विकल्प हो सकती है. खुशबूदार बासमती चावल, मसालों का बेहतरीन स्वाद और कटहल की खास बनावट इस डिश को बेहद लाजवाब बना देती है. कटहल को अक्सर 'वेजिटेरियन मटन' भी कहा जाता है, क्योंकि इसकी बनावट काफी हद तक नॉनवेज जैसी लगती है. यही वजह है कि यह डिश शाकाहारी लोगों के साथ-साथ नॉनवेज पसंद करने वालों को भी पसंद आ सकती है. अगर आप घर पर रेस्टोरेंट जैसा स्वाद चाहते हैं, तो इस आसान रेसिपी को जरूर आजमाएं.

ऐसे करें तैयारी
कटहल बिरयानी बनाने के लिए हमेशा कच्चे कटहल का इस्तेमाल करें. सबसे पहले कटहल को छीलकर छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें. कटहल काटने से पहले हाथों, चाकू और कटिंग बोर्ड पर थोड़ा सरसों का तेल लगा लें. इससे कटहल का चिपचिपा रस हाथों और बर्तनों पर नहीं चिपकेगा. इसके बाद कटहल को हल्का उबाल लें या नमक डालकर थोड़ा फ्राई कर लें. इससे उसका कच्चापन खत्म हो जाता है और स्वाद भी बेहतर हो जाता है.

बासमती चावल पकाएं
बिरयानी का स्वाद काफी हद तक चावल पर निर्भर करता है. सबसे पहले बासमती चावल को अच्छी तरह धोकर करीब 30 मिनट तक पानी में भिगो दें. इसके बाद एक बड़े बर्तन में पानी उबालें और उसमें नमक, तेजपत्ता, दालचीनी और इलायची डालें. अब चावल को लगभग 70 प्रतिशत तक पकाएं और पानी निकालकर अलग रख दें. चावल पूरी तरह नहीं पकने चाहिए, क्योंकि बाद में इन्हें दम पर भी पकाया जाएगा.

मसाले का स्वाद बढ़ाएगा बिरयानी का फ्लेवर
एक कढ़ाई में घी या तेल गर्म करें. इसमें जीरा, तेजपत्ता, लौंग और इलायची डालकर तड़का लगाएं. इसके बाद बारीक कटा प्याज डालकर सुनहरा होने तक भूनें. फिर अदरक-लहसुन का पेस्ट डालें और कुछ देर पकाएं. अब टमाटर डालकर मसाला तैयार करें. मसाला अच्छी तरह पकने पर इसमें हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर और बिरयानी मसाला मिलाएं. इसके बाद तैयार कटहल डालकर मसालों में अच्छी तरह मिलाएं. चाहें तो थोड़ा दही भी डाल सकते हैं. कुछ मिनट तक धीमी आंच पर पकाने से कटहल में मसालों का स्वाद अच्छी तरह समा जाता है.

दम पर ऐसे तैयार करें स्वादिष्ट कटहल बिरयानी
एक भारी तले के बर्तन में सबसे पहले कटहल के मसाले की परत बिछाएं. इसके ऊपर आधे पके चावल की परत लगाएं. फिर थोड़ा केसर वाला दूध, घी, फ्राई किया हुआ प्याज और बादाम-काजू डालें. इसी तरह दो से तीन परतें तैयार करें. अब बर्तन को अच्छी तरह ढक दें. चाहें तो ढक्कन को आटे से सील कर दें ताकि भाप बाहर न निकले. इसे धीमी आंच पर 15 से 20 मिनट तक दम पर पकाएं. इससे चावल और मसालों का स्वाद अच्छी तरह मिल जाता है और बिरयानी की खुशबू कई गुना बढ़ जाती है. तैयार कटहल बिरयानी को गर्म गर्म रायता, सलाद या अपनी पसंद की चटनी के साथ परोसें और पूरे परिवार के साथ इसका आनंद लें.

ये भी पढ़ें: