Advertisement

Atta Storage Tips: गेहूं के आटे में ये छोटा सा काम कर दिया तो साल भर तक खराब नहीं होगा...घुन भी नहीं लगेगा

अगर आटे से सामान्य से अलग या खराब बदबू आ रही है, उसमें नमी ज्यादा महसूस हो रही है या साफ तौर पर कीड़े दिखाई दे रहे हैं, तो उसे इस्तेमाल न करना ही बेहतर है.

How to Store Flour
gnttv.com
  • नई दिल्ली ,
  • 18 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 10:04 AM IST
  • मानसून में ऐसे स्टोर करें आटा
  • घुन और कीड़ों से रहेगा सुरक्षित

बारिश का मौसम आते ही सिर्फ कपड़े और घर की दीवारें ही नमी से परेशान नहीं होतीं, किचन में रखा सामान भी इसका असर झेलता है. खासकर आटा. कई बार डिब्बा खोलते ही आटे में छोटे-छोटे कीड़े या घुन नजर आने लगते हैं. कभी आटा चिपचिपा-सा लगता है तो कभी उसमें अजीब गंध आने लगती है. ऐसे में पूरा आटा फेंकना पड़ता है और मेहनत के साथ पैसे भी बर्बाद होते हैं.

दरअसल, मानसून में हवा में नमी बढ़ जाती है और आटा इस नमी को जल्दी सोख लेता है. अगर इसे ठीक से स्टोर न किया जाए तो उसमें घुन और छोटे कीड़े पनप सकते हैं. अच्छी बात यह है कि इससे बचने के लिए बहुत महंगे या मुश्किल उपाय करने की जरूरत नहीं है. घर में थोड़ी सावधानी रखकर आटे को लंबे समय तक बेहतर तरीके से सुरक्षित रखा जा सकता है. बस इन आसान बातों का ध्यान रखें.

1. बारिश में ज्यादा आटा भरकर न रखें
मानसून में कोशिश करें कि जरूरत के हिसाब से ही आटा खरीदें. अगर घर में रोज आटा इस्तेमाल होता है तो भी बहुत ज्यादा मात्रा में स्टॉक करने से बचना बेहतर है. लंबे समय तक रखा आटा नमी पकड़ सकता है और उसमें घुन लगने की आशंका बढ़ जाती है. इसलिए जितना आटा कुछ हफ्तों में आसानी से इस्तेमाल हो जाए, उतनी ही मात्रा रखना ठीक रहेगा. इससे डिब्बा भी बार-बार खुला नहीं रहेगा और पुराना आटा जमा होने की समस्या भी नहीं होगी.

2. एयरटाइट डिब्बा सबसे जरूरी
आटे को उसके पैकेट में खोलकर छोड़ने के बजाय किसी अच्छे एयरटाइट डिब्बे में रखें. डिब्बे का ढक्कन अच्छी तरह बंद होना चाहिए, ताकि बाहर की नमी अंदर न पहुंचे. एक बात का ध्यान रखें कि डिब्बा साफ होने के साथ पूरी तरह सूखा भी हो. अगर पहले उसमें कोई दूसरा सामान रखा था, तो उसे धोकर अच्छी तरह सुखाएं और उसके बाद ही आटा भरें.

3. डिब्बे में नमी बिल्कुल न रहने दें
कई बार हम डिब्बा धोकर तुरंत उसमें आटा भर देते हैं. यही छोटी-सी गलती बाद में परेशानी बन सकती है. डिब्बे में पानी या नमी की थोड़ी-सी मात्रा भी आटे को प्रभावित कर सकती है. डिब्बा धोने के बाद उसे कुछ देर खुला रखकर अच्छी तरह सुखाएं. अगर संभव हो तो धूप में सुखाकर इस्तेमाल करें. आटा भरते समय कंटेनर अंदर से बिल्कुल सूखा होना चाहिए.

4. गैस और सिंक के पास न रखें आटा
आटे का डिब्बा ऐसी जगह न रखें जहां रोज पानी की छींटें पड़ती हों या खाना बनाते समय भाप पहुंचती हो. गैस चूल्हे के बिल्कुल पास रखने से भी बचें. सिंक के नीचे या खिड़की के पास रखना भी मानसून में सही नहीं है. किचन की कोई ऐसी अलमारी चुनें जो सूखी और साफ हो. आटे का डिब्बा जमीन पर रखने के बजाय सूखी शेल्फ या कैबिनेट में रखना ज्यादा बेहतर है.

5. आटे में तेजपत्ता रख सकते हैं
आटे में घुन से बचाव के लिए कई घरों में तेजपत्ते का इस्तेमाल किया जाता है. साफ और पूरी तरह सूखे तेजपत्ते को आटे के डिब्बे में रखा जा सकता है. इससे घुन बिल्कुल नहीं लगेगा. कुछ लोग सूखी नीम की पत्तियां भी रखते हैं. अगर ऐसा करें तो पत्तियां पूरी तरह सूखी और साफ हों, ताकि आटे में अतिरिक्त नमी न जाए.

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement