गर्मियों का मौसम आते ही मच्छरों की समस्या तेजी से बढ़ने लगती है. शाम होते ही घर के कोनों, बालकनी और गार्डन में मच्छरों का झुंड दिखाई देने लगता है. ये छोटे-छोटे कीड़े सिर्फ परेशान ही नहीं करते, बल्कि डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा भी बढ़ा देते हैं.
ऐसे में लोग मच्छरों को भगाने के लिए कॉइल, स्प्रे और कई तरह के केमिकल वाले प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करते हैं. बिना केमिकल के नेचुरल तरीके से मच्छरों को दूर रखना चाहते हैं, तो कुछ खास पौधे आपके बेहद काम आ सकते हैं. इस काम के लिए आप इन पौधों का इस्तेमाल कर सकते हैं.
गेंदा के पौधे से भगाएं मच्छर
गेंदा का पौधा लगभग हर घर में आसानी से मिल जाता है. इसके चमकीले पीले और नारंगी फूल घर की खूबसूरती बढ़ाने के साथ-साथ मच्छरों को दूर रखने में भी मदद करते हैं. गेंदे की तेज खुशबू मच्छरों और उड़ने वाले कई छोटे कीड़ों को पसंद नहीं आती, इसलिए वे इससे दूर रहते हैं.
लैवेंडर की खुशबू से भागेंगे मच्छर
लैवेंडर सिर्फ अपनी खुशबू के लिए ही नहीं, बल्कि मच्छरों को दूर भगाने के लिए भी जाना जाता है. यही वजह है कि कई मॉस्किटो रिपेलेंट प्रोडक्ट्स में लैवेंडर ऑयल का इस्तेमाल किया जाता है. घर में इसका पौधा लगाने से घर खुशबूदार बना रहता है और मच्छर भी दूर रहते हैं.
लहसुन का पौधा है असरदार
लहसुन की तेज गंध मच्छरों को बिल्कुल पसंद नहीं आती. अगर घर में लहसुन का पौधा लगाया जाए, तो मच्छर उसके आसपास भी नहीं भटकते. यह पौधा मच्छरों को दूर रखने का आसान और सस्ता उपाय साबित हो सकता है. साथ ही, इसे किचन गार्डन में उगाना भी बेहद आसान है.
रोजमेरी का पौधा रखेगा कीड़ों को दूर
रोजमेरी को एक मॉस्किटो रिपेलेंट माना जाता है. इसके नीले फूल और खास खुशबू मच्छरों को दूर भगाने में मदद करते हैं. यह पौधा गर्म मौसम में अच्छी तरह बढ़ता है और ज्यादा देखभाल भी नहीं मांगता. अगर इसे बालकनी या खिड़की के पास रखा जाए, तो घर में मच्छर कम आते हैं.
तुलसी का पौधा देगा दोहरा फायदा
तुलसी को भारतीय घरों में बेहद पवित्र और औषधीय पौधा माना जाता है. इसकी तेज सुगंध मच्छरों को दूर रखने में मदद करती है. इसके अलावा, तुलसी का पौधा हवा को शुद्ध करने में भी मदद करता है.