Bhatura: छोले-भटूरे को देखते ही मुंह में पानी आ जाता है. ऐसे बहुत कम लोग मिलेंगे, जिन्हें छोले और भटूरे पसंद न हों. यह अलग बात है कि कई लोग भटूरे के ऑयली होने के कारण नहीं खाते हैं. आपका भी भटूरा खाने का मन कर रहा है लेकिन तेल की वजह से नहीं खा पा रहे हैं, तो आज हम आपको बिना तेल के भटूरे बनाने की विधि बता रहे हैं. यहां से तुरंत नोट कर लीजिए तरीका और घर पर बना लीजिए बिना तेल के भटूरे.
बिना तेल के बनने के बावजूद इस भटूरे के स्वाद में कोई कमी नहीं होगी. हेल्थ एक्सपर्ट्स और होम कुक्स के मुताबिक यह तरीका न सिर्फ आसान है, बल्कि वजन और कोलेस्ट्रॉल को लेकर भी सुरक्षित है. आपको मालूम हो कि भटूरे का एक लंबा और रोचक इतिहास है. दिल्ली और पंजाब के लोगों की तो सबसे पसंददीदा व्यंजनों में छोले-भटूरे शामिल हैं. सबसे पहले छोले-भटूरे किसने बनाए इसके बारे में तो कई सटीक जानकारी नहीं है लेकिन भारत में यह व्यंजन 20वीं सदी की शुरुआत में काफी लोकप्रिय हो गया था.
बिना तेल के भटूरे बनाने की सामग्री
1. मैदा: दो कप
2. सूजी: दो चम्मच
3. दही: आधा कप
4. बेकिंग सोड़ा: आधा चम्मच
5. नमक: स्वादानुसार
6. चीनी: आधा चम्मच
7. गुनगुना पानी
ऐसे बनाएं बिना तेल के फूले-फूले भटूरे
बिना तेल के भटूरे बनाने के लिए सबसे पहले एक बड़े बर्तन में मैदा लें. अब इसमें सूजी, बेकिंग सोड़ा, दही, चीनी और चुटकी भर नमक अच्छी तरह से मिक्स कर लें. इसके बाद इस आटा को गुनगुना पानी डालकर गूंथ लें. आटा गूंथते समय इस बात का ध्यान रखें कि यह ज्यादा सख्त न हो. भटूरे के लिए आटा गूथने के बाद इसे साफ कपड़े से ढककर लोग एक-दो घंटे के लिए छोड़ दें. इसके बाद भटूरे के लिए गूंथे आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाएं और हल्का सूखा आटा लगाकर गोल बेल लें. बेलने के बाद इनको एक प्लेट में रखते जाएं.
अब गैस या चूल्हा जलाएं और एक बर्तन में पानी गर्म करें. पानी में जब उबाल आने लगे तो इसमें भटूरे डालें और दो मिनट बाद इसे निकाल लें. इसके बाद एक एयर फ्रायर में एक-एक कर भटूरे को डालें और 200 डिग्री टेम्प्रेचर पर 3 मिनट तक पकाएं. ऐसा करने के बाद आप देखेंगे कि भटूरे एक दम फूले-फूले बन रहे हैं. अब इस भटूरे को छोले, चटनी, दही और प्याज के साथ सर्व करें. पोषण विशेषज्ञों के मुताबिक बिना तेल के बने भटूरे में कैलोरी और फैट काफी कम होता है. यह दिल के मरीजों, वजन कम करने वालों और डायबिटीज के जोखिम वाले लोगों के लिए बेहतर विकल्प हो सकता है. इस भटूरे की खास बात यह है कि बिना तेल के बनने के बावजूद नरम और स्वादिष्ट रहते हैं.