अक्सर घरों में केले ज्यादा पकने के बाद लोग उन्हें खराब समझकर फेंक देते हैं. लेकिन अगर केले के छिलके पर काले धब्बे पड़ गए हैं और केला अंदर से नरम हो गया है, तो इसका मतलब यह जरूरी नहीं कि वह खराब हो चुका है. ज्यादा पके केले स्वाद में ज्यादा मीठे होते हैं और कई तरह की डिश बनाने के लिए काफी अच्छे माने जाते हैं. दरअसल, केले के पकने के दौरान उसमें मौजूद स्टार्च धीरे-धीरे प्राकृतिक शुगर में बदल जाता है. यही वजह है कि ज्यादा पके केले ज्यादा मीठे और मुलायम हो जाते हैं. ऐसे में इन्हें फेंकने के बजाय आप इनसे कई स्वादिष्ट चीजें बना सकते हैं.
बनाना पैनकेक
ज्यादा पके केले से आप आसानी से स्वादिष्ट पैनकेक बना सकते हैं. इसके लिए केले को अच्छी तरह मैश कर लें. इसमें आटा, दूध और थोड़ा सा दालचीनी पाउडर डालकर गाढ़ा घोल तैयार करें. अब तवे पर थोड़ा घी या मक्खन लगाकर घोल को छोटे पैनकेक के आकार में फैलाएं. दोनों तरफ से सुनहरा होने तक सेंकें. ऊपर से शहद डालकर गरमा-गरम परोसें.
केले के गुलगुले या पुए
पके केले से बनने वाले गुलगुले उत्तर भारत में काफी पसंद किए जाते हैं. इसे बनाने के लिए केले को मैश करके उसमें गेहूं का आटा, सौंफ और गुड़ का घोल मिलाएं. सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाकर गाढ़ा मिश्रण तैयार करें. अब कड़ाही में तेल गर्म करें और मिश्रण की छोटी-छोटी पकौड़ियां डालकर धीमी आंच पर सुनहरा होने तक तलें. शाम की चाय के साथ यह स्वादिष्ट स्नैक्स तैयार है.
बनाना मिल्क शेक या स्मूदी
ज्यादा पके केले प्राकृतिक रूप से मीठे होते हैं, इसलिए स्मूदी या मिल्कशेक में अलग से ज्यादा चीनी डालने की जरूरत नहीं पड़ती. केले को दूध और ड्राई फ्रूट्स के साथ मिक्सर में ब्लेंड कर लें. इसे और पौष्टिक बनाने के लिए इसमें ओट्स या पीनट बटर भी मिलाया जा सकता है.
केले का हलवा
मीठा खाने का मन हो तो ज्यादा पके केले से हलवा भी बनाया जा सकता है. केले को पीसकर पेस्ट तैयार करें. कड़ाही में घी गर्म करके सूजी या आटे को भूनें. इसके बाद केले का पेस्ट और जरूरत के अनुसार चीनी डालकर धीमी आंच पर पकाएं. जब मिश्रण गाढ़ा होकर कड़ाही छोड़ने लगे, तो इसमें इलायची पाउडर और ड्राई फ्रूट्स डालें. इस तरह बिना केले बर्बाद किए घर पर स्वादिष्ट मिठाई तैयार हो जाएगी.
ये भी पढ़ें: