Advertisement

दो महीने की मेहनत और फिर चमकी किस्मत... पन्ना के आदिवासी परिवार को फिर मिला 30 लाख का हीरा, पिछले साल भी 93 लाख का नगीना मिला था

राकेश आदिवासी का कहना है कि इस बार मिलने वाली राशि का इस्तेमाल सबसे पहले बच्चों की पढ़ाई पर किया जाएगा. इसके अलावा कुछ जमीन खरीदने और आगे फिर से हीरे की खदान लगाकर किस्मत आजमाने की योजना है.

पन्ना में फिर चमकी आदिवासी किसान की किस्मत
दिलीप शर्मा
  • पन्ना,
  • 30 जून 2026,
  • अपडेटेड 10:51 AM IST
  • पन्ना में फिर चमकी आदिवासी किसान की किस्मत
  • अब मिला 30 लाख का चमचमाता हीरा

मध्य प्रदेश के पन्ना में एक बार फिर एक आदिवासी परिवार की किस्मत बदल गई है. जिले के अहिरगवां क्षेत्र में निजी जमीन पर हीरे की खदान चला रहे एक किसान परिवार को 11.19 कैरेट का जेम्स क्वालिटी का हीरा मिला है. इसकी अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई जा रही है. खास बात यह है कि इसी परिवार को पिछले साल भी 19.22 कैरेट का हीरा मिला था, जो सरकारी नीलामी में 93 लाख रुपये में बिका था.

दो महीने पहले शुरू की थी खुदाई
परिवार के सदस्य राकेश आदिवासी ने अप्रैल 2026 में निजी भूमि पर हीरा खनन का पट्टा लिया था. इसके बाद उन्होंने अपने भाइयों और रिश्तेदारों के साथ मिलकर खदान में लगातार मेहनत शुरू की. करीब दो महीने की खुदाई के बाद सोमवार को उन्हें 11.19 कैरेट का बेशकीमती हीरा मिला. हीरा मिलने के बाद परिवार ने उसे नियमानुसार हीरा कार्यालय में जमा करा दिया. अब इस हीरे को आगामी शासकीय नीलामी में रखा जाएगा, जहां इसकी अंतिम कीमत तय होगी.

पिछले साल भी मिली थी बड़ी सफलता
यह परिवार पहली बार सुर्खियों में नहीं आया है. वर्ष 2024 में भी इन्हें 19.22 कैरेट का बड़ा हीरा मिला था. उस हीरे की सरकारी नीलामी में 93 लाख रुपये की बोली लगी थी. इतनी बड़ी रकम मिलने के बाद भी परिवार ने खनन का काम नहीं छोड़ा और एक बार फिर किस्मत आजमाने के लिए खदान शुरू की. अब लगातार दूसरी बार बड़ी सफलता मिलने से पूरे इलाके में चर्चा है.

पैसों से बच्चों की पढ़ाई और जमीन खरीदने का सपना
राकेश आदिवासी का कहना है कि इस बार मिलने वाली राशि का इस्तेमाल सबसे पहले बच्चों की पढ़ाई पर किया जाएगा. इसके अलावा कुछ जमीन खरीदने और आगे फिर से हीरे की खदान लगाकर किस्मत आजमाने की योजना है.

वहीं, मजदूर राजू आदिवासी ने भी कहा कि मेहनत का फल मिला है. परिवार चाहता है कि बच्चों का भविष्य बेहतर बने और खेती के लिए अपनी जमीन भी बढ़ाई जाए.

हीरा निरीक्षक ने क्या कहा?
हीरा निरीक्षक नूतन जैन ने बताया कि यह वही परिवार है, जिसे पिछले वर्ष भी बड़ा हीरा मिला था. उन्होंने कहा कि पन्ना की धरती आज भी मेहनतकश लोगों को कभी-कभी ऐसी सौगात देती है, जो उनकी जिंदगी बदल देती है. इस बार मिला 11.19 कैरेट का जेम्स क्वालिटी का हीरा भी आगामी सरकारी नीलामी में रखा जाएगा, जिसके बाद इसकी वास्तविक कीमत तय होगी.

ये भी पढ़ें

 

    Read more!
    Advertisement

    RECOMMENDED

    Advertisement
    Advertisement