Advertisement

ओमान के समुद्र में दिखी गुलाबी डॉल्फिन, वीडियो देख लोग हैरान... जानिए आखिर क्यों होता है इनका रंग पिंक

ओमान की राजधानी मस्कट के समुद्र तट के पास अक्टूबर में एक गुलाबी रंग की दिखने वाली डॉल्फिन दूसरी गहरे रंग की डॉल्फिन के साथ तैरती नजर आई. इसका वीडियो सामने आने के बाद लोग हैरान रह गए. हर कोई जानना चाहता है कि आखिर यह डॉल्फिन कौन सी है और इसका रंग गुलाबी क्यों दिखाई दे रहा है.

pink dolphin
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 22 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 5:00 PM IST

समुद्र में डॉल्फिन को उछलते-कूदते देखना लोगों को खूब पसंद आता है, लेकिन सोचिए अगर इनके बीच अचानक गुलाबी रंग की डॉल्फिन दिखाई दे जाए तो कैसा लगेगा. ओमान की राजधानी मस्कट के समुद्र तट के पास ऐसा ही नजारा देखने को मिला. यहां अक्टूबर में एक गुलाबी रंग की दिखने वाली डॉल्फिन दूसरी गहरे रंग की डॉल्फिन के साथ तैरती नजर आई. इसका वीडियो सामने आने के बाद लोग हैरान रह गए. हर कोई जानना चाहता है कि आखिर यह डॉल्फिन कौन सी है और इसका रंग गुलाबी क्यों दिखाई दे रहा है.

कौन सी है ये गुलाबी डॉल्फिन?
ओमान के समुद्र में दिखी इस डॉल्फिन की प्रजाति के बारे में अभी तक पक्की जानकारी नहीं मिली है. समुद्री विशेषज्ञों ने भी इसकी पहचान की पुष्टि नहीं की है. कुछ रिपोर्ट्स में इसे रिसो डॉल्फिन बताया जा रहा है. इस प्रजाति की डॉल्फिन की उम्र बढ़ने के साथ शरीर का रंग बदल सकता है और उस पर हल्के निशान दिखाई देने लगते हैं. वहीं, कुछ लोगों का मानना है कि यह हंपबैक डॉल्फिन भी हो सकती है. हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं हुआ है कि ओमान के समुद्र में दिखाई दिया यह जीव किस प्रजाति का है. सिर्फ रंग देखकर इसकी पहचान करना सही नहीं होगा.

आखिर गुलाबी क्यों हो जाती हैं डॉल्फिन?
गुलाबी डॉल्फिन का नाम सुनते ही सबसे पहले अमेजन नदी में पाई जाने वाली डॉल्फिन का ख्याल आता है. यह दक्षिण अमेरिका में पाई जाती है. लेकिन इसके अलावा भी कुछ डॉल्फिन ऐसी हैं, जिनका रंग गुलाबी दिखाई दे सकता है. एशिया के कुछ तटीय इलाकों में मिलने वाली इंडो-पैसिफिक हंपबैक डॉल्फिन भी उम्र बढ़ने के साथ हल्की गुलाबी दिखने लगती हैं. चीन और हांगकांग के आसपास ऐसी डॉल्फिन देखी जाती हैं.



त्वचा के नीचे की नसों से दिखता है गुलाबी रंग
कुछ डॉल्फिन का रंग गुलाबी होने की वजह उनकी त्वचा के नीचे मौजूद खून की नसें हो सकती हैं. जब इन नसों में खून का बहाव बढ़ता है, तो त्वचा गुलाबी दिखाई देने लगती है. इससे डॉल्फिन को अपने शरीर की गर्मी बाहर निकालने में भी मदद मिलती है. तैरते समय या ज्यादा शारीरिक गतिविधि करने पर यह रंग और साफ नजर आ सकता है. हालांकि, ओमान में दिखी डॉल्फिन का रंग गुलाबी होने की वजह यही है या नहीं, इसकी पुष्टि नहीं हुई है. विशेषज्ञों के मुताबिक, हिंद महासागर में पाई जाने वाली इंडियन ओशन हंपबैक डॉल्फिन आमतौर पर स्लेटी रंग की होती हैं. ऐसे में इस डॉल्फिन की सही पहचान के लिए वैज्ञानिकों की पुष्टि का इंतजार करना होगा.

ये भी पढ़ें: 

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement