यूपी पुलिस के दामन पर दाग की चर्चा तो जोर शोर से होती है लेकिन खाकी का मान बढ़ाने वालों की कहानियां अक्सर दबकर रह जाती हैं. खाकी का मान बढ़ाने वाले इंस्पेक्टर और उसके हेड कॉन्स्टेबल की कहानी भी दुनिया के सामने नहीं आती अगर हिंदुस्तान घूमने आए एक विदेशी नागरिक ने यूपी पुलिस से दिल्ली में मिली मदद दुनिया को बताई ना होती.
सोशल मीडिया पर सिंगापुर के एक नागरिक का वीडियो बीते कुछ दिनों से अचानक चर्चा में आया. सिंगापुर के रहने वाले ईथान ने इस वीडियो में यूपी पुलिस के उस इंस्पेक्टर और उसके भेजे गए हेड कांस्टेबल का शुक्रिया अदा किया है और बताया है कि कैसे बिना जान पहचान वाले देश में यूपी पुलिस ने उसके खोए हुए पासपोर्ट को रायबरेली से पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन तक पहुंचाया और कैसे उसकी मदद की.
ट्रेन में भूल गया था पासपोर्ट
दरअसल ईथान भारत घूमने के लिए आया था. बीते 27 जून को चंडीगढ़ से प्रयागराज आ रही ऊंचाहार एक्सप्रेस में सफर के दौरान उसका पासपोर्ट ट्रेन में छूट गया था. कानपुर में टीटीई को एक शेविंग बॉक्स में पासपोर्ट, ब्लूटूथ चार्जर,डाटा केबल और पेंसिल टॉर्च मिला तो टीटीई ने लावारिस मिले पासपोर्ट व अन्य सामान को ट्रेन को एस्कॉर्ट कर रहे जीआरपी के पुलिसकर्मियों को दे दिया. एस्कॉर्ट जीआरपी रायबरेली का था तो सिपाही ने पासपोर्ट को लेकर रायबरेली जीआरपी में जमा करा दिया. अगले दिन ट्रेन में पासपोर्ट मिलने की जानकारी जीआरपी इंस्पेक्टर पप्पू यादव को मिली तो 28 जून को ही इंस्पेक्टर पप्पू यादव ने अपने स्तर पर सिंगापुर दूतावास से संपर्क किया और बताया कि ईथान का पासपोर्ट रायबरेली जीआरपी के पास है. पासपोर्ट खोने से परेशान ईथान को नहीं पता था कि भारत में उत्तर प्रदेश कहां है और उत्तर प्रदेश में रायबरेली और रायबरेली का जीआरपी थाना कहां है और उसके लिए बिना पासपोर्ट के सफर करना नामुमकिन था.
ईथान ने जताया आभार
ईथान के रायबरेली ना पहुंच पाने की परेशानी को समझकर जीआरपी इंस्पेक्टर पप्पू यादव ने 28 जून की शाम में ही अपने एक हेड कॉन्स्टेबल पवन लाल को पासपोर्ट लेकर दिल्ली रवाना किया और पवन लाल ने ईथान का पासपोर्ट 29 जून को पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर सुपुर्द कर दिया. सिंगापुर के रहने वाले ईथान यूपी पुलिस की इस मदद के लिए जिंदगी भर आभारी है और अपना आभार सोशल मीडिया पर एक वीडियो डालकर जता भी रहा है कि कैसे उत्तर प्रदेश पुलिस किसी की भी कभी भी मदद करती है.
ये भी पढ़ें: