Garlic Pickle Recipe: घर पर 20 मिनट में तैयार करें स्वाद और सेहत से भरपूर लहसुन का आचार, यहां जानिए इसे बनाने की सबसे आसान विधि

Lehsun Ka Achar:लहसुन में ढेर सारे पोषक तत्व पाए जाते हैं. यह न सिर्फ खाने के स्वाद बढ़ाता है बल्कि शरीर के लिए भी काफी अच्छा माना जाता है. आज हम आपको 20 मिनट में घर पर लहसुन का अचार बनाने की विधि के बारे में बता रहे हैं.  

Garlic Pickle
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 06 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 1:15 PM IST

Garlic Pickle: जिंदगी में आजकल भागदौड़ काफी हो गई है. लोगों के पास खाना बनाने तक के लिए समय नहीं है. इसके कारण लोग ऐसे व्यंजनों की तलाश में रहते हैं, जो कम समय में तैयार हों और स्वाद व सेहत से भी कोई समझौता न करना पड़े. ऐसे में लहसुन का आचार एक बेहतरीन विकल्प बनकर सामने आया है. खास बात यह है कि अब यह आचार पारंपरिक लंबे तरीके के बजाय मात्र 20 मिनट में घर पर ही तैयार किया जा सकता है. यह आचार न सिर्फ खाने का स्वाद बढ़ाता है, बल्कि सेहत के लिहाज से भी बेहद फायदेमंद माना जाता है. लहसुन में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट और एंटीबैक्टीरियल गुण शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करते हैं. आयुर्वेद में लहसुन को पाचन के लिए लाभकारी और कोलेस्ट्रॉल कम करने वाला माना गया है. लहसुन दिल के लिए भी फायदेमंद होता है. इसमें मौजूद कई प्रॉपर्टीज शरीर के लिए बेहद फायदेमंद होती हैं. ऐसे में यदि इसे आचार के रूप में भोजन के साथ शामिल किया जाए, तो इसका फायदा दोगुना हो जाता है.

लहसुन का अचार बनाने के लिए आवश्यक सामग्री
1. लहसुन की कलियां: 250 ग्राम
2. सरसों का तेल: आधा कप
3. राई: 1 चम्मच
4. लाल मिर्च पाउडर: 2 चम्मच
5. हल्दी: आधा चम्मच
6. मेथी दाना: 1 टी स्पून
7. सौंफ: 1 चम्मच
8. हींग: 1 चुटकी
9. नींबू: 1/2
10. नमक: स्वादानुसार

लहसुन का अचार बनाने की विधि  
लहसुन का अचार बनाने के लिए सबसे पहले लहसुन की गांठ में से कलियों को छीलकर अलग कर लें. इसके बाद इन्हें अच्छी तरह से पानी में धो लें. फिर लहसुन की कलियों को अच्छी तरह से सुखा लें ताकि उनमें नमी न रहे. इसके बाद एक पैन में सरसों का तेल डालकर चूल्हे या गैस पर चढ़ाकर अच्छी तरह गर्म करें और फिर गैस बंद कर दें. तेल हल्का ठंडा हो जाए, तब उसमें राई, सौंफ और मेथी दाना डालें. अब इसमें हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, नमक और हींग मिलाएं. इसके बाद सूखी हुई लहसुन की कलियों को मसाले वाले तेल में डालकर अच्छी तरह मिलाएं, ताकि हर कली पर मसाले की परत चढ़ जाए. अब तैयार मिश्रण को 5–10 मिनट के लिए ढककर छोड़ दें. इस दौरान लहसुन मसालों का स्वाद सोख लेता है और आचार खाने लायक बन जाता है.

कैसे करें भंडारण
इस तरह से लहसुन का आचार तुरंत खाने के लिए तैयार होता है. इसे दाल-चावल, पराठे या सादे भोजन के साथ परोसा जा सकता है. यदि इसे कांच के साफ और सूखे जार में भरकर रखा जाए, तो यह 10–15 दिनों तक आराम से चल सकता है. कम समय, आसान विधि और जबरदस्त स्वाद में बनने वाला यह लहसुन का आचार हर रसोई में जरूर आजमाया जाना चाहिए.

 

Read more!

RECOMMENDED