How To Cook Dal Faster: झटपट गल जाएगी दाल और कुकर भी नहीं होगा गंदा, बस अपनाएं ये आसान किचन हैक्स

अगर दाल बहुत पुरानी है या बार-बार पकाने के बाद भी सख्त रह जाती है, तो बेहद कम मात्रा में खाने का सोडा डाल सकते हैं. बस एक चुटकी काफी है. इससे दाल जल्दी गल जाती है.

How to cook dal faster
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 25 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 9:21 AM IST
  • दाल जल्दी पकाने के टिप्स
  • स्वाद भी आएगा और काम झटपट भी होगा

दाल खाना तो सभी को पसंद होता है लेकिन इसे बनाने में समय ज्यादा लग जाता है. कई बार दाल गैस पर चढ़ी रहती है, सीटी पर सीटी लगती है और फिर भी दाल पूरी तरह नहीं गलती. खासकर तब ज्यादा परेशानी होती है जब घर में मेहमान आ जाएं या ऑफिस से लौटने के बाद जल्दी खाना बनाना हो. 

अगर आपके साथ भी कई बार ये परेशानी होती है तो यहां हम आपको दाल को जल्दी गलाने के कुछ सीक्रेट टिप्स शेयर कर रहे हैं जिससे दाल स्वादिष्ठ भी बनेगी और जल्दी पक भी जाएगी.


1. पहले से भिगोकर रखें
दाल जल्दी गलाने का सबसे आसान और असरदार तरीका है उसे पहले से भिगो देना. कोशिश करें कि दाल को पकाने से कम से कम 30 मिनट से 1 घंटे पहले पानी में डाल दें. अगर समय हो तो 2 घंटे भिगोना और भी बेहतर है. भिगोने से दाल के दाने पानी सोख लेते हैं, जिससे वे नरम हो जाते हैं और पकने में कम समय लेते हैं. खासकर चना दाल, राजमा या साबुत दालों में यह तरीका बहुत काम करता है.

2. गर्म पानी का इस्तेमाल करें
अक्सर हम दाल को ठंडे पानी में ही भिगो देते हैं या सीधे ठंडा पानी डालकर गैस पर चढ़ा देते हैं. लेकिन अगर आप गुनगुने या हल्के गर्म पानी का इस्तेमाल करें, तो पकने की प्रक्रिया तेज हो जाती है. गर्म पानी दाल के दानों को जल्दी सॉफ्ट करता है और कुकर में भी जल्दी सीटी लगती है. यह छोटा सा बदलाव आपका 5-10 मिनट बचा सकता है.

3. प्रेशर कुकर में पकाएं दाल
अगर आप खुले बर्तन में दाल पकाते हैं, तो समय ज्यादा लगेगा. दाल को जल्दी गलाने के लिए प्रेशर कुकर सबसे बेहतर विकल्प है. आमतौर पर अरहर या मूंग दाल 2–3 सीटी में अच्छी तरह गल जाती है. हां, आंच का ध्यान रखें. पहली सीटी तेज आंच पर और उसके बाद धीमी आंच पर पकाएं. इससे दाल अंदर तक अच्छी तरह पकती है और जलने का डर भी नहीं रहता.

4. चुटकीभर हल्दी डालें
बहुत कम लोग जानते हैं कि भिगोते समय या पकाते समय हल्दी की एक चुटकी डालने से भी दाल जल्दी नरम होती है. हल्दी सिर्फ रंग और स्वाद ही नहीं बढ़ाती, बल्कि दाल को पकने में भी मदद करती है. साथ ही यह सेहत के लिए भी फायदेमंद है. ध्यान रहे, हल्दी ज्यादा न डालें, वरना स्वाद बदल सकता है.

5. एक चुटकी खाने का सोडा
अगर दाल बहुत पुरानी है या बार-बार पकाने के बाद भी सख्त रह जाती है, तो बेहद कम मात्रा में खाने का सोडा डाल सकते हैं. बस एक चुटकी काफी है. इससे दाल जल्दी गल जाती है. हालांकि इसका इस्तेमाल रोज न करें, क्योंकि ज्यादा सोडा स्वाद और पोषण दोनों पर असर डाल सकता है.

दाल पकाते समय अगर कुकर की सीटी से पानी या झाग बाहर आने लगे, तो ये ट्रिक्स अपनाएं.

  • कुकर को हमेशा 2/3 से ज्यादा न भरें. दाल फूलती है और झाग बनता है, इसलिए ऊपर जगह खाली रखें.

  • दाल चढ़ाते समय 1 छोटा चम्मच तेल या घी डाल दें. इससे झाग कम बनता है और उफान नहीं आता.

  • पहली सीटी तेज आंच पर आने दें, उसके बाद तुरंत आंच धीमी कर दें. लगातार तेज आंच से दाल बाहर आती है.

  • बहुत कम पानी डालने से दाल गाढ़ी होकर सीटी से बाहर निकल सकती है.

 

Read more!

RECOMMENDED