Moringa Pickle Recipe: आम-नींबू को छोड़ ट्राई करें ये अचार, स्वाद के साथ मिलेगा न्यूट्रिशन भी.. जानें बनाने की रेसिपी

आमतौर पर लोग गर्मियों में आम का अचार ज्यादा बनाते हैं, लेकिन अगर आप सहजन का अचार बनाएंगे तो शायद आम के अचार को भूल जाएंगे.

Moringa Pickle Recipe
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 14 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 5:23 PM IST

अचार की जब भी बात आती है तो लोगों के मुंह में पानी आना एक आम बात होती है. कुछ लोगों को आम का अचार पसंद हैं, तो कई को नींबू का. अचार केवल खट्टा ही नहीं होता बल्कि तीखा भी होता है. लेकिन शायद ही आपने भी सोचा हो कि क्या अचार खाने से आपको कोई न्यूट्रिशन मिलता है या नहीं. आपने आमतौर पर अचार केवल स्वाद के लिए ही खाया होगा. 

आज हम आपको एक ऐसे अचार के बारे में बताने जा रहे हैं जो न केवल आपको न्यूटिशन देता है, बल्कि स्वाद में भी तीखा होने के साथ-साथ खट्टा भी होता है. ये अचार होता है सहजन का. इसे आप चाहें दाल-रोटी के साथ खाए या पराठे के साथ या फिर चावल के साथ. तो चलिए आफको बताते हैं कि आप इस अचार को किस तरह तैयार कर सकते हैं.

अचार बनाने के लिए जरूरी इंग्रीडिएंट्स
इस अचार को बनाने के लिए आपको सहजन की फली, सरसों का तेल, राई के दाने, सौंफ, मेथी दाना की जरूरत होगी. साथ ही मसालों में हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, नमक और हींग की जरूरत होगी. इसके अलावा खटास के लिए नींबू का रस भी चाहिए होगा. 

किस तरह करें अचार तैयार?
सबसे पहले सहजन (मोरिंगा) की ताज़ी और नरम फलियों को अच्छी तरह धोकर साफ कर लें, ताकि उनमें लगी सारी धूल-मिट्टी निकल जाए. इसके बाद इन्हें लगभग 2–3 इंच के टुकड़ों में काट लें. अब एक बर्तन में पानी उबालकर इन टुकड़ों को 2–3 मिनट के लिए हल्का सा उबाल लें, ध्यान रहे कि इन्हें ज़्यादा न उबालें वरना ये बहुत नरम हो जाएंगे. उबालने के बाद पानी छानकर इन्हें किसी कपड़े या प्लेट पर फैला दें और पूरी तरह सूखने दें, ताकि इनमें नमी बिल्कुल न रहे.

करें मसालों की भुनाई
अब मसाले तैयार करने के लिए एक कढ़ाई में मेथी दाना, सौंफ और राई को धीमी आंच पर हल्का भून लें. जब इनसे खुशबू आने लगे तो गैस बंद कर दें और ठंडा होने पर इन्हें दरदरा पीस लें. इसके बाद एक पैन में सरसों का तेल डालकर अच्छे से गरम करें, जब तेल से हल्का धुआं निकलने लगे तो गैस बंद कर दें और तेल को पूरी तरह ठंडा होने दें.

लगाएं मसालों का तड़का
अब एक बड़े और साफ बाउल में सूखे हुए सहजन के टुकड़े डालें. इसमें पिसे हुए मसाले, हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, नमक और एक चुटकी हींग मिलाएं. फिर ठंडा किया हुआ सरसों का तेल डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाएं, ताकि मसाले हर टुकड़े पर अच्छे से चढ़ जाएं. स्वाद को संतुलित करने के लिए इसमें 2 बड़े ताज़ा नींबू का रस डालें और एक बार फिर अच्छे से मिक्स कर लें.

आखिर में तैयार अचार को एक साफ, सूखे और एयरटाइट कांच के जार में भरकर 2–3 दिनों तक धूप में रखें. रोज़ाना एक बार सूखे चम्मच से इसे चलाते रहें. करीब 4–5 दिनों में आपका सहजन का अचार तैयार हो जाएगा, जो खाने में बेहद लाजवाब लगेगा.


 

Read more!

RECOMMENDED