Chilli Garlic Laccha Paratha Recipe: बहुत हुआ आलू-गोभी-प्याज़ पराठा.. ट्राई करें ये खास रेसिपी, मजा न आए तो पैसे वापस

पराठा ब्रेकफास्ट का कॉमन नाश्ता है, लेकिन अगर आप इसके साथ भी कुछ नया बनाना चाहते हैं तो ये रेसिपी ट्राई करें.

Chilli Garlic Laccha Paratha Recipe
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 12 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 7:00 PM IST

अगर आप रोज़ाना के नाश्ते से बोर हो चुके हैं और कुछ नया, मसालेदार और मजेदार ट्राई करना चाहते हैं, तो चिली गार्लिक लच्छा पराठा आपके लिए परफेक्ट ऑप्शन है. रेस्टोरेंट में मिलने वाला यह पराठा अपनी कुरकुरी परतों और लाजवाब फ्लेवर के लिए काफी पसंद किया जाता है. अच्छी बात यह है कि अब आप इसे आसानी से घर पर भी बना सकते हैं.

‘मैजिक बटर’ है इस रेसिपी की जान
इस खास पराठे की सबसे बड़ी खासियत है इसका स्पेशल गार्लिक बटर मिक्स. इसे बनाने के लिए पिघले हुए मक्खन में बारीक कटा लहसुन, चिली फ्लेक्स, अजवाइन, गरम मसाला या ओरिगैनो, हरा धनिया और नमक मिलाकर एक गाढ़ा पेस्ट तैयार किया जाता है. यही पेस्ट पराठे को टेस्ट और खुशबू देता है.

आटा तैयार करने का तरीका
पराठा बनाने के लिए आप गेहूं का आटा या मैदा दोनों में से किसी का भी इस्तेमाल कर सकते हैं. आटे को हल्का नरम गूंथकर लगभग 10 मिनट के लिए ढककर रख दें. इससे आटा सेट हो जाता है और पराठा बेलने में आसानी होती है.

अब आटे की बड़ी लोई लेकर उसे पतली रोटी की तरह बेलें. इस पर गार्लिक बटर मिक्स अच्छे से फैलाएं और ऊपर से थोड़ा सूखा आटा छिड़कें. इसके बाद चाकू या पिज्जा कटर से इसे पतली-पतली स्ट्रिप्स में काट लें. इन स्ट्रिप्स को एक साथ रखकर जलेबी जैसा घुमाते हुए फिर से लोई बना लें. यही तरीका पराठे में खूबसूरत लच्छे लाता है.

फाइनल टच और परफेक्ट कुकिंग
तैयार लोई पर कलौंजी, हरी मिर्च और धनिया लगाकर हल्के हाथों से बेलें. ध्यान रखें कि ज्यादा दबाव न डालें, वरना परतें खराब हो सकती हैं. गर्म तवे पर इसे मीडियम फ्लेम पर घी या बटर के साथ सेंकें जब तक यह सुनहरा और क्रिस्पी न हो जाए. एक बार तैयार हो जाने के बाद इसे दही, अचार या चटनी के साथ सर्व करें.

 

Read more!

RECOMMENDED