जन्माष्टमी का पावन पर्व भगवान श्रीकृष्ण की पूजा और भक्ति के साथ पंचामृत के बिना अधूरा माना जाता है. कान्हा जी के अभिषेक से लेकर पूजा के बाद प्रसाद के रूप में बांटे जाने वाले पंचामृत तक, इसका विशेष महत्व है. पंचामृत पांच पवित्र चीजों से मिलकर तैयार किया जाता है. हालांकि, इसे बनाते समय सबसे ज्यादा परेशानी सामग्री की सही मात्रा को लेकर होती है. मात्रा का संतुलन बिगड़ने पर पंचामृत का स्वाद और गाढ़ापन दोनों प्रभावित हो सकते हैं. ऐसे में 1-2-4-8-16 का आसान फॉर्मूला याद रखकर आप घर पर स्वादिष्ट पंचामृत तैयार कर सकते हैं. तो चलिए आपको बताते हैं पंचामृत बनाने के सही तरीके के बारे में.
पंचामृत के लिए चाहिए ये 5 चीजें
पंचामृत बनाने के लिए गाय का शुद्ध देसी घी, शुद्ध शहद, बारीक मिश्री, ताजा दही और गाय का कच्चा दूध लें.
सबसे पहले घी और शहद मिलाएं
पंचामृत बनाने के लिए सबसे पहले चांदी, पीतल या कांच का साफ बर्तन लें. इसमें 1 चम्मच गाय का शुद्ध देसी घी डालें. इसके बाद 2 चम्मच शहद डालकर दोनों को चम्मच की मदद से अच्छी तरह मिला लें.
अब डालें मिश्री और दही
इसके बाद मिश्रण में 4 चम्मच बारीक कुटी हुई मिश्री डालें. फिर इसमें 8 चम्मच ताजा और गाढ़ा दही मिलाएं. ध्यान रखें कि दही ज्यादा खट्टा न हो, वरना पंचामृत का स्वाद खट्टा हो सकता है.
आखिर में डालें दूध और तुलसी
अब इसमें 16 चम्मच गाय का कच्चा ठंडा दूध डालें. सभी सामग्रियों को करीब 1 से 2 मिनट तक अच्छी तरह चलाएं, ताकि मिश्री घुल जाए और मिश्रण एकसार हो जाए. सबसे आखिर में साफ पानी से धोए हुए 2 से 3 ताजा तुलसी के पत्ते डालें. इस तरह आपका पंचामृत तैयार हो जाएगा. अब इसका भोग कान्हा जी को लगाएं.
ये भी पढ़ें: