गर्मी का मौसम शुरू होते ही किचन से जुड़ी कई समस्याएं बढ़ने लगती हैं. तेज तापमान के कारण खाने-पीने की चीजें जल्दी खराब हो जाती हैं. खासकर दूध गर्मियों में बहुत जल्दी फट जाता है. कई बार सुबह खरीदा गया दूध शाम तक ही खराब हो जाता है, भले ही उसे फ्रिज में ही क्यों न रखा गया हो. ऐसे में अगर कुछ आसान किचन टिप्स अपनाए जाएं तो दूध को लंबे समय तक फ्रेश रख सकते हैं.
क्यों जल्दी खराब हो जाता है दूध
गर्मी में तापमान बढ़ने से बैक्टीरिया तेजी से पनपते हैं. यही बैक्टीरिया दूध को खट्टा कर देते हैं और वह फट जाता है. अगर दूध को बार-बार बाहर रखा जाए या सही तरीके से स्टोर न किया जाए तो उसके खराब होने की संभावना और बढ़ जाती है.
दूध उबालते समय डाल दें एक चम्मच चीनी
दूध उबालते समय उसमें एक छोटा चम्मच चीनी मिला दी जाए. इससे दूध थोड़ी देर ज्यादा समय तक ताजा बना रहता है और जल्दी खराब नहीं होता है.
दूध को ज्यादा देर तक फ्रेश रखने के कुछ और काम के टिप्स
दूध को खरीदने के बाद तुरंत उबाल लें.
दूध को ठंडा होने के बाद ही फ्रिज में रखें.
दूध को बार-बार फ्रिज से बाहर निकालकर लंबे समय तक खुला न रखें.
कोशिश करें कि दूध को ढक्कन वाले साफ बर्तन में स्टोर करें.
ऐसे पहचानें दूध खराब हुआ है या नहीं
खट्टी गंध आना: अगर दूध से हल्की खट्टी या अजीब गंध आ रही है तो समझ लें कि वह खराब हो चुका है.
दूध का फटना: उबालते समय अगर दूध में दाने बनने लगें तो इसका मतलब है कि दूध खराब हो गया है.
गाढ़ा या चिपचिपा टेक्सचर: खराब दूध अक्सर ज्यादा गाढ़ा या चिपचिपा लगने लगता है.
स्वाद में बदलाव: अगर दूध का स्वाद सामान्य से अलग या खट्टा लगे तो उसे पीना नहीं चाहिए.
खराब दूध पीने से क्या हो सकते हैं नुकसान
खराब या फटा हुआ दूध पीना स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकता है. इसमें मौजूद बैक्टीरिया शरीर में संक्रमण पैदा कर सकते हैं. इससे पेट से जुड़ी कई समस्याएं हो सकती हैं.