scorecardresearch

Leftover Dal Paratha: बची हुई दाल से झटपट बना लें ये दाल पराठा, एक निवाला खाते ही बढ़ जाएगी भूख

Leftover Dal Paratha: बची हुई दाल में पहले से ही प्रोटीन और कई जरूरी पोषक तत्व मौजूद होते हैं. जब इसे गेहूं के आटे और मसालों के साथ मिलाकर पराठा बनाया जाता है, तो यह और भी ज्यादा पौष्टिक बन जाता है.

Leftover Dal Paratha Leftover Dal Paratha
हाइलाइट्स
  • बची हुई दाल से बनाएं टेस्टी दाल पराठा

  • मिनटों में तैयार होगा पौष्टिक नाश्ता

अक्सर खाना बनाते समय दाल थोड़ी ज्यादा बन जाती है और खाने के बाद बच जाती है. कई बार यह दाल फ्रिज में रखी रह जाती है और आखिरकार फेंकनी पड़ती है. लेकिन अगर थोड़ी सी समझदारी से काम लिया जाए तो इसी बची हुई दाल से एक बेहद स्वादिष्ट और पौष्टिक डिश तैयार की जा सकती है.

किचन में मौजूद बची हुई चीजों का सही इस्तेमाल करना एक अच्छी आदत मानी जाती है. बची हुई दाल से तैयार होने वाला यह पराठा झटपट बन जाता है और नाश्ते या लंच के लिए बढ़िया विकल्प साबित हो सकता है.

ऐसे बनाएं बची हुई दाल का पराठा

  • दाल पराठा बनाने की प्रक्रिया बहुत आसान है. इसके लिए सबसे पहले बची हुई दाल को एक बर्तन में निकाल लें. अगर दाल ज्यादा पतली है तो उसे थोड़ा गाढ़ा कर लें या आटा थोड़ा ज्यादा मिलाएं ताकि आटा अच्छी तरह गूंथा जा सके.

  • इसके बाद गेहूं के आटे में बची हुई दाल डाल दें. अब इसमें थोड़ा सा अजवाइन, स्वादानुसार नमक, बारीक कटी हुई प्याज, हरा धनिया और बारीक कटी हुई हरी मिर्च मिलाएं. 

  • चाहें तो स्वाद बढ़ाने के लिए थोड़ा सा लाल मिर्च पाउडर या धनिया पाउडर भी डाल सकते हैं.

  • अब इस मिश्रण को अच्छी तरह मिलाकर आटा गूंथ लें. ध्यान रखें कि आटा ज्यादा सख्त न हो. आटा थोड़ा नरम रहेगा तो पराठे ज्यादा मुलायम और स्वादिष्ट बनेंगे. आटे को 10 मिनट कर सेट होने के लिए छोड़ दें.

पराठा सेंकने का तरीका
आटा तैयार होने के बाद उसकी छोटी-छोटी लोइयां बना लें. अब लोई को बेलकर तवे पर डालें और हल्का सा घी या तेल लगाकर दोनों तरफ से सुनहरा होने तक सेक लें. कुछ ही मिनटों में गर्मागर्म दाल पराठा तैयार हो जाएगा.

दाल पराठा स्वाद में इतना अच्छा होता है कि इसे आप दही, अचार, मक्खन या चटनी के साथ खा सकते हैं. यह बच्चों और बड़ों दोनों को पसंद आता है और सुबह के नाश्ते या टिफिन के लिए भी अच्छा विकल्प है.

प्रोटीन से भरपूर दाल पराठा ट्राई करें
बची हुई दाल में पहले से ही प्रोटीन और कई जरूरी पोषक तत्व मौजूद होते हैं. जब इसे गेहूं के आटे और मसालों के साथ मिलाकर पराठा बनाया जाता है, तो यह और भी ज्यादा पौष्टिक बन जाता है. खास बात यह है कि इसमें अलग से ज्यादा मसालों या सामग्री की जरूरत भी नहीं पड़ती.