Advertisement

Singhare ka Halwa: सावन सोमवार व्रत के दौरान खा सकते हैं सिंघाड़े के आटे का हलवा! जानें घर पर बनाने का सबसे आसान तरीका,  स्वादिष्ट भी और सेहत के लिए भी अच्छा

Singhare ke Atta ka Halwa: इस साल सावन का पहला सोमवार 3 अगस्त को है. यदि आप व्रत करने वाली हैं या घर में कोई और व्रत करने वाला है तो आप सिंघाड़े के आटे का हलवा बनाकर खा सकती हैं. दूध, घी  और ड्राई फ्रूट्स के साथ बना सिंघाड़े का हलवा खाने में स्वादिष्ट तो लगता ही है, यह शरीर के लिए भी बहुत फायदेमंद होता है. यह लंबे समय तक शरीर को ऊर्जा देता है.

Singhare ke Atta ka Halwa
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 02 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 11:52 AM IST

पवित्र माह सावन शुरू हो चुका है. सावन में शिव भक्त महादेव की पूजा करते हैं. कांवड़ में जलभकर शिवलिंग पर चढ़ाते हैं. ऐसी धार्मिक मान्यता है कि सावन में पड़ने वाले सोमवार को भगवान शंकर की पूजा करने और व्रत रखने से हर मनोकामना पूरी होती है. इस साल सावन का पहला सोमवार 3 अगस्त को है. यदि आप व्रत करने वाली हैं या घर में कोई और व्रत करने वाला है तो आप सिंघाड़े के आटे का हलवा बनाकर खा सकती हैं.

दूध, घी  और ड्राई फ्रूट्स के साथ बना सिंघाड़े का हलवा खाने में स्वादिष्ट तो लगता ही है, यह शरीर के लिए भी बहुत फायदेमंद होता है. यह लंबे समय तक शरीर को ऊर्जा देता है. आपको मालूम हो कि सिंघाड़े के आटे में कार्बोहाइड्रेट के साथ फाइबर और पोटैशियम जैसे पोषक तत्व भी पाए जाते हैं. दूध, घी और ड्राई फ्रूट्स के साथ बनने पर यह हलवा व्रत के दौरान ऊर्जा देने वाला भोजन बन सकता है.

सिंघाड़े का हलवा बनाने के लिए सामग्री 

  • सिंघाड़े का आटा 
  • देसी घी
  • दूध
  • चीनी
  • इलायची पाउडर
  • कटे हुए बादाम
  • काजू
  • किशमिश
  • पिस्ता 
  • केसर 
  • ऐसे तैयार करें सिंघाड़े का आटा 

यदि आपके घर पर सिंघाड़े की मिगी यानी सूखा सिंघाड़ा है तो आप पहले उसे साफ करके दो से तीन घंटे के लिए धूप में रख दें. ऐसा करने से उसमें से नमी पूरी तरह निकल जाएगी. इसके बाद इस सिंघाड़े को मिक्सर में थोड़ा-थोड़ा करके पीस लें. फिर एक महीन छलनी से इस आटा को छान लें. मोटे कण बच जाएं तो उन्हें दोबारा पीसकर फिर छलनी से छान लें. इस तरह से आप घर पर ताजा सिंघाड़े का आटा तैयार कर सकती हैं. आपको मालूम हो कि ताजे पिसे सिंघड़े के आटे से हलवे का स्वाद और बेहतर लगता है.

ऐसे बनाएं सिंघाड़े के आटे का हलवा 
सिंघाड़े के आटे का हलवा बनाने के लिए सबसे पहले चूल्हा या गैस को जाएं और उसपर एक पैन में दूध को हल्का गर्म कर लें. यदि आपके पास केसर है तो दूध में डाल सकते हैं, यदि नहीं है तो इसे स्किप भी कर सकते हैं. अब एक कड़ाही में घी गर्म करें. इसके बाद इसमें सिंघाड़े का आटा डालकर धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए आठ से दस मिनट तक भूनें. आटे का रंग जब हल्का सुनहरा हो जाए और उसमें से अच्छी खुशबू आने लगे तब समझ जाएं यह भून चुका है. इसके बाद इस आटे में धीरे-धीरे गर्म दूध डालते जाएं.

ध्यान रखें दूध को डालते समय आटा को लगातार चलाते रहना है ताकि गुठलियां न बनें. इतना सब करने के बाद अब इसमें चीना डालें. चीनी घुलने पर हलवा थोड़ा पतला होगा. ऐसे में दो से तीन मिनट तक और पकाएं. इसके बाद ड्राई फ्रूट्स डालें. काजू, बादाम, किशमिश, पिस्ता और इलायची पाउडर डालकर अच्छी तरह मिला दें. हलवा जब कड़ाही छोड़ने लगे और तब गैस को बंद कर दें. अब हलवे के ऊपर से थोड़ा देसी घी और ड्राई फ्रूट्स डालकर गर्मागर्म परोसें. इसे खाने पर मजा आ जाएगा.

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement