scorecardresearch

Kurkure appe recipe: एक कप सूजी और दही से बना लें हेल्दी नाश्ता... मिनटों में होगा तैयार, मांग-मांग कर खाएंगे लोग!

अगर आप भी रोज के पराठे, ब्रेड या पोहा से कुछ अलग ट्राई करना चाहते हैं, तो सूजी और दही से बने सॉफ्ट अप्पे आपके लिए शानदार विकल्प हो सकते हैं. इन्हें बनाने में ज्यादा समय नहीं लगता, तेल भी बहुत कम लगता है और बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी इन्हें बड़े चाव से खाते हैं.

Advertisement
appe recipe appe recipe

सुबह की शुरुआत अगर स्वादिष्ट और पौष्टिक नाश्ते से हो, तो पूरा दिन भी बेहतर गुजरता है. लेकिन लगभग हर घर में रोज यही सवाल होता है कि आज नाश्ते में क्या बनाया जाए. अगर आप भी रोज के पराठे, ब्रेड या पोहा से कुछ अलग ट्राई करना चाहते हैं, तो सूजी और दही से बने सॉफ्ट अप्पे आपके लिए शानदार विकल्प हो सकते हैं. इन्हें बनाने में ज्यादा समय नहीं लगता, तेल भी बहुत कम लगता है और बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी इन्हें बड़े चाव से खाते हैं. खास बात यह है कि इसमें अपनी पसंद की सब्जियां मिलाकर इसे और भी हेल्दी बनाया जा सकता है. तो चलिए आपको बताते हैं घर पर अप्पे कैसे बना सकते हैं.

सामग्री
इस आसान रेसिपी के लिए 1 कप सूजी, आधा कप ताजा दही, जरूरत के अनुसार पानी, बारीक कटा प्याज, टमाटर, शिमला मिर्च, गाजर, हरी मिर्च, हरा धनिया और स्वादानुसार नमक लें. तड़के के लिए थोड़ा सा तेल, राई, चुटकी भर हींग और कुछ करी पत्ते रखें. आखिर में बैटर को फूला और स्पंजी बनाने के लिए 1 छोटा चम्मच फ्रूट साल्ट यानी इनो की जरूरत होगी.

ऐसे तैयार करें बैटर
सबसे पहले एक बड़े बर्तन में सूजी और दही डालकर अच्छी तरह मिलाएं. अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए गाढ़ा और स्मूथ बैटर तैयार करें. ध्यान रखें कि बैटर न ज्यादा पतला हो और न ही बहुत गाढ़ा. इसके बाद इसमें सभी बारीक कटी सब्जियां, हरी मिर्च, हरा धनिया और नमक डालकर अच्छी तरह मिक्स कर लें.

तड़का देगा शानदार स्वाद
एक छोटे पैन में थोड़ा सा तेल गर्म करें. इसमें राई, हींग और करी पत्ते डालकर तड़का तैयार करें. जब राई चटकने लगे, तब इस तड़के को बैटर में डालकर अच्छी तरह मिला दें. इससे अप्पे में बेहतरीन खुशबू और स्वाद आ जाता है.

इस तरह बनेंगे सॉफ्ट और स्पंजी अप्पे
अप्पे बनाने से ठीक पहले बैटर में 1 छोटा चम्मच फ्रूट साल्ट डालें. ऊपर से थोड़ा पानी छिड़कें और बैटर को हल्के हाथों से एक ही दिशा में मिलाएं. अब अप्पे पैन को गर्म करके हर खाने में हल्का तेल लगाएं और बैटर भर दें. ढक्कन लगाकर धीमी से मध्यम आंच पर 7 से 8 मिनट पकाएं. जब नीचे से सुनहरे हो जाएं, तो पलटकर दूसरी तरफ भी 5 से 7 मिनट सेक लें.

गरमा-गरम, बाहर से कुरकुरे और अंदर से मुलायम अप्पे तैयार हैं. इन्हें हरी नारियल चटनी, पुदीना चटनी या टोमैटो केचप के साथ परोसें और परिवार के साथ हेल्दी नाश्ते का आनंद लें.

ये भी पढ़ें: