जैसे-जैसे गर्मियों का मौसम नज़दीक आ रहा है, वैसे-वैसे इस मौसम के फल भी बाज़ार में दिखने लगे हैं. ऐसा ही एक फल है आम. इस मौसम में कच्चे और पके आम दोनों का इस्तेमाल अलग-अलग स्वादिष्ट चीजें बनाने में किया जाता है. खासकर गर्मी से राहत पाने के लिए आम से बनी ठंडी ड्रिंक्स लोगों की पहली पसंद बन जाती हैं. अगर आप भी इस सीजन में कुछ टेस्टी और रिफ्रेशिंग ड्रिंक्स ट्राई करना चाहते हैं, तो आम से बनी ये आसान रेसिपीज आपके लिए परफेक्ट हैं.
घर का ताजा और हेल्दी मैंगो जूस
मैंगो जूस एक क्लासिक और सबसे आसान ड्रिंक है, जिसे हर उम्र के लोग पसंद करते हैं. इसे बनाने के लिए पके हुए आमों को धोकर उनका गूदा निकाल लें और ब्लेंडर में डालें. इसमें थोड़ा पानी और स्वादानुसार चीनी मिलाकर अच्छी तरह ब्लेंड करें. जूस तैयार होने के बाद इसे छान लें और ठंडा करने के लिए बर्फ डालें. यह ड्रिंक शरीर को तुरंत एनर्जी देने के साथ-साथ गर्मी से भी राहत देती है.
क्रीमी और स्वादिष्ट मैंगो शेक
अगर आपको कुछ ज्यादा रिच और क्रीमी पीना पसंद है, तो मैंगो शेक एक बेहतरीन विकल्प है. इसके लिए कटे हुए पके आम और चीनी को मिक्सर में डालकर स्मूद होने तक ब्लेंड करें. इसमें एक चुटकी इलायची पाउडर मिलाने से स्वाद और भी बढ़ जाता है. ठंडा-ठंडा शेक गिलास में डालें और ऊपर से क्रीम सजाकर सर्व करें. यह ड्रिंक बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आती है.
देसी स्वाद के लिए आम झोरा
अगर आप कुछ अलग और देसी फ्लेवर का स्वाद लेना चाहते हैं, तो आम झोरा जरूर बनाएं. इसके लिए कच्चे आम को आग पर भून लें या उबाल लें, फिर उसका गूदा निकालकर ठंडे पानी में मैश करें. इसमें नमक, काला नमक, चीनी और स्वाद के लिए थोड़ा चिली फ्लेक्स मिलाएं. यह ड्रिंक खट्टा-मीठा और हल्का मसालेदार होता है, जो गर्मी में शरीर को ठंडक देता है और पाचन के लिए भी फायदेमंद है.
मैंगो आईस्ड टी से पाएं नया ट्विस्ट
अगर आप चाय के शौकीन हैं, तो मैंगो आईस्ड टी आपके लिए एक अनोखा विकल्प हो सकता है. इसके लिए पानी में चाय पत्ती उबालकर ठंडा कर लें. फिर पके आम का गूदा, चाय, चीनी और थोड़ा नींबू रस मिक्सर में डालकर ब्लेंड करें. गिलास में बर्फ डालें और तैयार कर सर्व करें. यह ड्रिंक चाय और आम के स्वाद का बेहतरीन कॉम्बिनेशन है, जो आपको एक अलग ही ताजगी का अनुभव देगा.