Navratri Vrat Sabudana Rabdi Recipe: साबूदाना खिचड़ी और खीर हुई बहुत, अब इससे बनाएं खास रबड़ी.. जानें यूनीक टेस्ट की रेसिपी

नवरात्रि के दौरान लोग फलाहार और हल्के, ऊर्जा देने वाले भोजन का सेवन करते हैं, जिनमें साबूदाना से बनी डिशेज का विशेष महत्व होता है.

Sabudana Rabdi Recipe
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 20 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 5:57 PM IST

नवरात्रि का पावन पर्व शुरू हो चुका है. इस दौरान कई लोग पूरे नौ दिनों का व्रत रखते हैं, जबकि कुछ लोग केवल पहला और आखिरी दिन उपवास करते हैं. व्रत के समय सबसे बड़ी उलझन खानपान को लेकर होती है. क्या खाएं जो स्वादिष्ट भी हो और व्रत के नियमों के अनुसार भी हो.

इस दौरान लोग फलाहार और हल्के, ऊर्जा देने वाले भोजन का सेवन करते हैं, जिनमें साबूदाना से बनी डिशेज का विशेष महत्व होता है. आमतौर पर साबूदाना खिचड़ी या खीर तो आपने कई बार खाई होगी, लेकिन इस बार व्रत के स्वाद को और खास बनाने के लिए साबूदाना रबड़ी जरूर ट्राय करें. यह रेसिपी स्वादिष्ट होने के साथ-साथ शरीर को तुरंत एनर्जी देने का भी काम करती है.

रबड़ी बनाने के लिए जरूरी इंग्रीडिएंट्स
इस रबड़ी को बनाने के लिए आपको एक कप साबूदाना, आधा लीटर दूध, एक बड़ा चम्मच चीनी, एक केला, एक सेब, एक कप क्रीम, थोड़ी सी चेरी , एक बड़ा चम्मच अनार के दाने, कुछ केसर के धागे, गुलाब की पंखुड़ियां और बादाम की कतरन की जरूरत होगी.

रबड़ी बनाने का तरीका
सबसे पहले साबूदाना को अच्छी तरह धोकर पानी में कुछ घंटों के लिए भिगो दें, ताकि वह फूल जाए. इसके बाद एक कढ़ाई में दूध डालकर मध्यम आंच पर उबाल लें. जब दूध उबलने लगे, तब भीगे हुए साबूदाने को छानकर उसमें डाल दें और धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए पकाएं, ताकि साबूदाना अच्छी तरह नरम हो जाए और मिश्रण गाढ़ा होने लगे. अब इसमें चीनी डालकर अच्छी तरह मिलाएं और गैस बंद कर दें.

इसके बाद तैयार मिश्रण में क्रीम मिलाएं और साथ ही कटे हुए केले और सेब डालकर हल्के हाथों से मिक्स करें. अब इस मिश्रण को कुछ देर के लिए फ्रिज में रख दें, जिससे यह ठंडा होकर और भी स्वादिष्ट बन जाए.

किस तरह परोसे रबड़ी
ठंडी हुई साबूदाना रबड़ी को एक सर्विंग बाउल में निकालें और ऊपर से चेरी, अनार के दाने, गुलाब की पंखुड़ियां और बादाम की कतरन से सजाएं. यह खास व्रत स्पेशल मिठाई न केवल देखने में आकर्षक लगती है, बल्कि स्वाद में भी बेहद लाजवाब होती है.

 

Read more!

RECOMMENDED