Sugar Free Gulab Jamun: बिना एक दाना चीनी के बनाएं बाजार जैसे रसीले काले जामुन, स्वाद ऐसा कि कोई पहचान भी नहीं पाएगा फर्क

इस रेसिपी से इस होली बना लें ये शुगर फ्री वाला गुलाब जामुन.

Sugar free Gulab Jamun
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 03 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 10:39 AM IST

sugar free kala jamun recipe in hindi होली में मिठाई का नाम सुनते ही सबसे पहले दिमाग में काला जामुन या रसगुल्ले की तस्वीर आती है. लेकिन जिन लोगों को शुगर की समस्या है या जो मीठा कम खाना चाहते हैं, वह लोग अकसर इन मिठाइयों से दूरी बना लेते हैं. अब आपको ऐसा करने की जरूरत नहीं है. घर पर ही आप शुगर फ्री काला जामुन बना सकते हैं, जो स्वाद में भी बढ़िया होगा और सेहत का भी ध्यान रखेगा.

काला जामुन बनाने का सामान

  • 1 कप मावा 
  • 2 बड़े चम्मच पनीर 
  • 1 बड़ा चम्मच मैदा
  • 1 चुटकी बेकिंग सोडा
  • 1 छोटा चम्मच घी
  • तलने के लिए घी या रिफाइंड ऑयल

इस तरह करें शुगर फ्री चाशनी को तैयार

  • 2 कप पानी
  • स्वादानुसार शुगर फ्री पाउडर
  • आधा चम्मच इलायची पाउडर
  • कुछ केसर के धागे
  • 1 छोटा चम्मच गुलाब जल

चाशनी पहले तैयार करें

सबसे पहले एक पैन में पानी गर्म करें. जब पानी उबलने लगे तो गैस धीमी कर दें और उसमें शुगर फ्री टैबलेट डाल दें. ध्यान रखें कि शुगर फ्री को ज्यादा देर तेज आंच पर न पकाएं, वरना स्वाद बदल सकता है.

अब इसमें कुटी हुई इलायची और केसर डालें. एक-दो मिनट बाद गैस बंद कर दें और अंत में गुलाब जल मिला दें. चाशनी को ढककर अलग रख दें.

इस तरह करें गुलाब जामुन की बॉल तैयार 
एक बाउल में मावा लें और उसे हाथों से अच्छी तरह मसल लें, ताकि उसमें कोई दाने न रहें. अब इसमें मसला हुआ पनीर मिलाएं. यह जामुन को नरम और रसदार बनाएगा.

इसके बाद मैदा और एक चुटकी बेकिंग सोडा डालें. सब कुछ हाथों से मिलाएं. जरूरत लगे तो थोड़ा सा घी मिलाकर मुलायम आटा जैसा डो तैयार कर लें.

ध्यान रखें कि डो ज्यादा सख्त या ज्यादा ढीला न हो. अगर दरारें दिखें तो चिकना होने तक मसलें. 

जामुन बनाएं और तलें

तैयार डो से छोटे-छोटे गोले बना लें. कोशिश करें कि गोले एकदम चिकने हों, उनमें कोई क्रैक न हो, वरना तलते समय फट सकते हैं.

कढ़ाई में घी या रिफाइंड को मध्यम आंच पर गर्म करें. तेल बहुत ज्यादा गरम नहीं होना चाहिए. एक छोटा सा गोला डालकर जांच लें. अगर वह धीरे-धीरे ऊपर आए और रंग बदलने लगे, तो गैस का तापमान सही है.

अब धीरे-धीरे जामुन डालें और हल्की आंच पर पलटते हुए तलें. इन्हें गहरे भूरे रंग का होने तक पकाएं.

चाशनी में डालें

  • तले हुए गरम जामुन सीधे गर्म चाशनी में डालें. कम से कम 1 से 2 घंटे के लिए ढककर रख दें, ताकि जामुन अच्छी तरह रस सोख लें.
  • जब जामुन नरम और रसदार हो जाएं, तो समझिए आपकी शुगर फ्री मिठाई तैयार है.
  • इन्हें गरमागरम या ठंडा, दोनों तरह से परोसा जा सकता है. चाहें तो ऊपर से पिस्ता या बादाम की गार्निशिंग करें.


ये भी पढ़ें 

 

Read more!

RECOMMENDED