शादी के बाद पति-पत्नी का रिश्ता भरोसे और साथ पर टिका होता है, लेकिन जब इसी रिश्ते में धोखा हो जाए तो हालात अजीब मोड़ ले सकते हैं. थाईलैंड में एक महिला ने अपने पति की बेवफाई का पता चलने के बाद ऐसा कदम उठाया, जिसने सभी को हैरान कर दिया. उसने पति को उसकी गर्लफ्रेंड के साथ रहने देने के बदले हर महीने करीब 85 हजार रुपए किराया देने का प्रस्ताव रख दिया.
10 साल की शादी के बाद बदला पति का व्यवहार
यह मामला एक टीवी शो में सामने आया. पत्नी खुन क्वांग ने बताया कि उसकी शादी करीब 10 साल पहले एक पुलिस अधिकारी से हुई थी. उस समय वह 21 साल की थी और पढ़ाई पूरी करने के तुरंत बाद शादी कर ली थी. अब उनके 8 साल का एक बेटा भी है.
खुन के मुताबिक 2025 तक उनकी शादीशुदा जिंदगी सामान्य और खुशहाल थी. लेकिन इसी दौरान उसे सोशल मीडिया पर एक अनजान महिला दिखने लगी जो उसकी पोस्ट देखती थी और उसके पति को फॉलो करती थी. शुरुआत में उसने इसे गंभीरता से नहीं लिया, लेकिन धीरे-धीरे पति का व्यवहार बदलने लगा.
देर रात घर आना, फोन बंद रखना शुरू
पत्नी के अनुसार, कुछ महीनों बाद पति अक्सर देर से घर आने लगा और कई बार बहाने बनाने लगा. एक रात वह करीब 1 बजे घर लौटा, जबकि उसका फोन भी बंद था. जब पत्नी ने इस बारे में सवाल किया तो पति ने चौंकाने वाली बात कह दी. उसने कहा कि वह अब इस रिश्ते से थक चुका है और घर-परिवार के लिए सब कुछ दे चुका है.
निजी जासूस से खुला अफेयर का राज
सच्चाई जानने के लिए खुन ने एक निजी जासूस से जांच करवाई. एक दिन के भीतर ही जासूस ने बताया कि उसका पति रामखामहेंग इलाके में एक घर पर जाता है. पत्नी तुरंत वहां पहुंची, लेकिन तब तक पति जा चुका था. बाद में जब उसने पति को घर बुलाकर बात की तो उसने स्वीकार किया कि उसका दूसरी महिला से लंबे समय से अफेयर चल रहा है.
पत्नी ने दिया किराए पर रहने का प्रस्ताव
बाद में पति ने स्वीकार किया कि वह अभी भी अपनी प्रेमिका को याद करता है. तब पत्नी ने एक अजीब समाधान सुझाया. उसने कहा कि अगर पति उस महिला के साथ रहना चाहता है तो दोनों को मिलकर हर महीने करीब 85 हजार रुपए उसे 'किराए' के रूप में देने होंगे.
रिपोर्ट के मुताबिक प्रेमिका इस शर्त के लिए तैयार हो गई और कहा कि पैसे कोई समस्या नहीं हैं. हालांकि पति ने इस प्रस्ताव को मानने से इनकार कर दिया.