Trick To Boost Money Plant
Trick To Boost Money Plant
मनी प्लांट घरों में लगाया जाने वाला सबसे लोकप्रिय और शुभ पौधा माना जाता है. यह न सिर्फ घर की खूबसूरती बढ़ाता है बल्कि वास्तु के हिसाब से भी सकारात्मक ऊर्जा लाने वाला माना जाता है. यही कारण है कि लोग इसे घरों के साथ-साथ ऑफिस, दुकानों और होटलों में भी लगाते हैं. हालांकि गर्मियों के मौसम में कई बार मनी प्लांट का पौधा सूखने होने लगता है. ऐसे में अगर इसकी सही तरीके से देखभाल की जाए तो यह पौधा फिर से हरा-भरा और घना हो सकता है.
मनी प्लांट की अच्छी ग्रोथ के लिए पानी देना जरूरी है, लेकिन जरूरत से ज्यादा पानी देना पौधे को नुकसान भी पहुंचा सकता है. अधिक पानी देने से इसकी जड़ें सड़ने लगती हैं. इसलिए पौधे में तभी पानी डालना चाहिए जब गमले की मिट्टी की ऊपरी परत सूखी हुई दिखाई दे. गर्मियों के मौसम में इसे हफ्ते में लगभग 2 से 3 बार पानी देना काफी होता है. वहीं बरसात के मौसम में 7 से 10 दिन में एक बार पानी देना ही काफी रहता है.
तेज धूप से बचाकर रखें पौधा
गर्मियों में तेज धूप मनी प्लांट के लिए नुकसानदायक हो सकती है. अगर पौधे को सीधे कड़ी धूप में रखा जाए तो इसकी पत्तियां पीली पड़ सकती हैं या सूख सकती हैं. इसलिए मनी प्लांट को ऐसी जगह रखें जहां हल्की धूप और हल्की छाया दोनों मिलती हों. इससे पौधे की पत्तियां हरी और स्वस्थ बनी रहती हैं.
सही गमला और मिट्टी का चुनाव भी है जरूरी
मनी प्लांट को बहुत छोटे गमले में लगाने से उसकी ग्रोथ रुक सकती है. इसलिए पौधे के लिए थोड़ा बड़ा गमला चुनना बेहतर होता है. इसके साथ ही मिट्टी भी अच्छी क्वालिटी की होनी चाहिए. मिट्टी में रेत या कोकोपीट मिलाने से पानी का संतुलन बना रहता है और जड़ों को पर्याप्त हवा मिलती है, जिससे पौधे की वृद्धि बेहतर होती है.
पानी में लगाए मनी प्लांट का ऐसे रखें ध्यान
अगर आपने मनी प्लांट को पानी में लगाया हुआ है, तो पानी को नियमित अंतराल पर बदलना बहुत जरूरी है. लंबे समय तक एक ही पानी रहने से उसमें बैक्टीरिया बनने लगते हैं, जो पौधे की जड़ों को नुकसान पहुंचा सकते हैं. इसलिए हर कुछ दिनों में साफ पानी बदलते रहें.
चायपत्ती से पौधे को मिल सकता है प्राकृतिक पोषण
घर में इस्तेमाल होने वाली चायपत्ती भी मनी प्लांट के लिए एक अच्छा नेचुरल खाद का काम कर सकती है. चाय बनाने के बाद बची हुई चायपत्ती को फेंकने की बजाय पहले उसे पानी से अच्छी तरह धो लें, ताकि उसमें मौजूद दूध और शक्कर निकल जाए. इसके बाद उसे धूप में सुखा लें और गमले की मिट्टी को हल्का ढीला करके उसमें मिला दें. इससे मिट्टी में पोषक तत्व बढ़ते हैं और पौधे की ग्रोथ तेजी से होने लगती है.