scorecardresearch

Adrak Gardening: आसान स्टेप्स से घर में उगाएं अदरक, लेकिन इन दो चीज़ों का रखें खास ध्यान

अदरक का इस्तेमाल चाय से लेकर सब्जियों, दाल और कई तरह के व्यंजनों में किया जाता है. यह न केवल खाने का स्वाद बढ़ाती है बल्कि सेहत के लिए भी फायदेमंद है.

घर पर अदरक कैसे लगाएं घर पर अदरक कैसे लगाएं

अगर आपको घर में पौधे उगाने का शौक है, तो अदरक का पौधा लगाना आपके लिए एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है. अदरक भारतीय रसोई का एक अहम हिस्सा है, जिसका इस्तेमाल चाय से लेकर सब्जियों, दाल और कई तरह के व्यंजनों में किया जाता है. यह न केवल खाने का स्वाद बढ़ाती है, बल्कि सेहत के लिए भी काफी फायदेमंद मानी जाती है. अदरक को घर पर उगाना बेहद आसान है और थोड़ी सी देखभाल के साथ आप अपने घर में ही ताजी अदरक तैयार कर सकते हैं.

अदरक उगाने की शुरुआत सही अदरक चुनने से होती है. इसके लिए बाजार से ऐसी अदरक लें जिसमें छोटे-छोटे अंकुर या आंखें निकलती हुई दिखाई दे रही हों. यही अंकुर बाद में पौधे के रूप में विकसित होते हैं. ध्यान रखें कि बहुत ज्यादा सूखी या सड़ी हुई अदरक का उपयोग न करें, क्योंकि उससे पौधा सही तरीके से नहीं उग पाएगा. स्वस्थ और ताजी अदरक का टुकड़ा चुनना ही अच्छी फसल की पहली शर्त होती है.

गमले में तैयार करें सही मिट्टी
अदरक को उगाने के लिए आपको एक मध्यम आकार का गमला लेना होगा. इस गमले में सही मिट्टी का मिश्रण तैयार करना जरूरी है ताकि पौधा अच्छी तरह बढ़ सके. इसके लिए गमले को आधा सामान्य मिट्टी से भर दें. बाकी आधी जगह में लगभग 30 प्रतिशत गोबर की खाद और 20 प्रतिशत रेत मिलाएं. यह मिश्रण मिट्टी को भुरभुरा और पोषक तत्वों से भरपूर बनाता है, जिससे अदरक की जड़ें आसानी से फैल पाती हैं और पौधा स्वस्थ तरीके से बढ़ता है.

अदरक लगाने की आसान प्रक्रिया
जब गमले में मिट्टी अच्छी तरह तैयार हो जाए, तो उसमें लगभग 1 से 2 इंच की गहराई तक हल्की जगह बनाएं. इसके बाद अदरक के टुकड़ों को मिट्टी में इस तरह रखें कि उनके अंकुर ऊपर की ओर रहें. फिर ऊपर से हल्की मिट्टी डालकर उन्हें ढक दें. पौधा लगाने के बाद थोड़ा सा पानी डालें ताकि मिट्टी में हल्की नमी बनी रहे. ध्यान रखें कि ज्यादा पानी डालने से अदरक सड़ सकती है, इसलिए सिंचाई हमेशा संतुलित मात्रा में ही करें.

पौधे के लिए सही धूप और जगह
अदरक का पौधा बहुत तेज धूप में भी नहीं रहना चाहिए और पूरी छाया में भी नहीं. इसलिए गमले को घर की ऐसी जगह पर रखें जहां दिन में लगभग 3 से 4 घंटे तक हल्की धूप आती हो. सेमी शेड वाली जगह अदरक के पौधे के लिए सबसे बेहतर मानी जाती है. सही धूप और वातावरण मिलने पर पौधा धीरे-धीरे बढ़ने लगता है और कुछ समय बाद हरी पत्तियां निकलने लगती हैं.

कब तैयार होती है अदरक की फसल
अदरक का पौधा धीरे-धीरे विकसित होता है और पूरी तरह तैयार होने में थोड़ा समय लेता है. जब पौधे की पत्तियां पीली होने लगें और धीरे-धीरे सूखने लगें, तो यह संकेत होता है कि अदरक की फसल तैयार हो चुकी है. आमतौर पर अदरक को तैयार होने में लगभग 8 से 10 महीने का समय लग जाता है. इसके बाद आप मिट्टी को हल्का सा खोदकर ताजी और सुगंधित अदरक निकाल सकते हैं.