गर्मी में बढ़ सकता है डिहाइड्रेशन का खतरा, इन चीजों को खाने से करें परहेज और शरीर को रखें हाइड्रेट

शरीर को हाइड्रेट रखना बेहद जरूरी होता है, क्योंकि थोड़ी सी लापरवाही भी डिहाइड्रेशन की समस्या पैदा कर सकती है. अगर समय रहते इसे नियंत्रित न किया जाए तो स्थिति गंभीर हो सकती है और अस्पताल तक जाना पड़ सकता है. इसलिए गर्मी के मौसम में यह जानना जरूरी है कि कौन-सी चीजें शरीर से पानी कम करती हैं और किन चीजों का सेवन करने से शरीर हाइड्रेट रहता है.

dehydration
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 12 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 10:40 PM IST

मार्च का महीना शुरू होते ही कई इलाकों में तेज गर्मी का असर दिखने लगा है. दिन में बढ़ता तापमान लोगों को अभी से परेशान करने लगा है. घरों में पंखों के साथ-साथ एयर कंडीशनर भी चलने लगे हैं और फ्रिज में ठंडा पानी रखने की जरूरत महसूस होने लगी है. ऐसे मौसम में शरीर को हाइड्रेट रखना बेहद जरूरी होता है, क्योंकि थोड़ी सी लापरवाही भी डिहाइड्रेशन की समस्या पैदा कर सकती है. अगर समय रहते इसे नियंत्रित न किया जाए तो स्थिति गंभीर हो सकती है और अस्पताल तक जाना पड़ सकता है. इसलिए गर्मी के मौसम में यह जानना जरूरी है कि कौन-सी चीजें शरीर से पानी कम करती हैं और किन चीजों का सेवन करने से शरीर हाइड्रेट रहता है.

गर्मी में पानी क्यों है जरूरी
मानव शरीर का लगभग 60 से 70 प्रतिशत हिस्सा पानी से बना होता है. शरीर के तापमान को नियंत्रित रखने, पाचन क्रिया को सही रखने और शरीर से विषैले तत्व बाहर निकालने में पानी अहम भूमिका निभाता है. गर्मियों में ज्यादा पसीना निकलने की वजह से शरीर में पानी की कमी जल्दी होने लगती है. अगर शरीर में पानी की कमी हो जाए तो चक्कर आना, कमजोरी, उल्टी या दस्त जैसी समस्याएं हो सकती हैं. यही कारण है कि गर्मियों में पानी के साथ-साथ पानी से भरपूर फूड्स का सेवन करने की सलाह दी जाती है.

कैफीन वाली चीजें कम करें
चाय, कॉफी या कैफीन युक्त ड्रिंक्स का अधिक सेवन शरीर में पानी की कमी को बढ़ा सकता है. कैफीन को ड्यूरेटिक माना जाता है, यानी इसके सेवन से बार-बार पेशाब आने की संभावना बढ़ जाती है. इससे शरीर से पानी तेजी से बाहर निकलता है और डिहाइड्रेशन का खतरा बढ़ सकता है. इसलिए गर्मियों में चाय-कॉफी सीमित मात्रा में ही पीना बेहतर माना जाता है.

हाई प्रोटीन डाइट में पानी ज्यादा जरूरी
प्रोटीन शरीर के लिए जरूरी पोषक तत्व है, लेकिन अधिक मात्रा में प्रोटीन लेने पर उसे पचाने के लिए शरीर को ज्यादा पानी की जरूरत पड़ती है. पनीर, दालें या अन्य प्रोटीन से भरपूर चीजें खाने के बाद पर्याप्त पानी न पिया जाए तो शरीर में पानी की कमी हो सकती है. खासतौर पर जिम या वर्कआउट करने वाले लोगों को प्रोटीन डाइट के साथ ज्यादा पानी पीने की सलाह दी जाती है.

नमकीन और तला-भुना खाना भी बढ़ाता है प्यास
नमकीन स्नैक्स, चिप्स या प्रोसेस्ड फूड्स में सोडियम की मात्रा अधिक होती है. ज्यादा नमक शरीर के वाटर बैलेंस को प्रभावित करता है और प्यास ज्यादा लगने लगती है. इसी तरह तला-भुना खाना भी पचाने में भारी होता है, जिससे शरीर पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है और पानी की जरूरत बढ़ जाती है.

मैदा से बनी चीजों से रखें दूरी
पिज्जा, बर्गर, समोसा या अन्य मैदा से बनी चीजें पचाने में मुश्किल होती हैं. इनमें फाइबर की मात्रा बहुत कम होती है, जिससे इन्हें पचाने में शरीर को अधिक पानी की जरूरत पड़ती है. यही वजह है कि मैदा से बने फूड्स खाने के बाद कई लोगों को ज्यादा प्यास लगती है.

शरीर को हाइड्रेट रखने के लिए क्या खाएं
गर्मी के मौसम में खीरा, ककड़ी, टमाटर, तरबूज और खरबूजा जैसे फलों और सब्जियों का सेवन करना फायदेमंद माना जाता है. इनमें पानी की मात्रा अधिक होती है जो शरीर को ठंडक और हाइड्रेशन दोनों देते हैं. इसके अलावा नारियल पानी भी शरीर को तुरंत ऊर्जा और हाइड्रेशन देने का अच्छा स्रोत है.

ये भी पढ़ें: 


 

Read more!

RECOMMENDED