आजकल कई घरों में गैस स्टोव की जगह इंडक्शन चूल्हे का इस्तेमाल होने लगा है. कई छात्र जो हॉस्टल में रहते हैं, वह भी इसका इस्तेमाल करते हैं. कई लोगों को लगता है कि इसकी सपाट सतह को साफ करना आसान है. लेकिन सफाई के दौरान थोड़ी सी लापरवाही इसकी चमक खराब कर सकती है. गलत स्क्रबर या क्लीनर इस्तेमाल करने से इंडक्शन की सतह पर खरोंच भी पड़ सकती है. इसलिए इसे साफ करते समय सही तरीका अपनाना जरूरी है.
इंडक्शन साफ करने के लिए बहुत ज्यादा सामान की जरूरत नहीं होती. एक मुलायम माइक्रोफाइबर कपड़ा, हल्का डिश सोप या क्लीनर और जरूरत पड़ने पर ग्लास कुकटॉप क्लीनर काफी है. जिद्दी दाग के लिए कुकटॉप की सफाई के लिए बना स्क्रैपर भी इस्तेमाल किया जा सकता है.
इंडक्शन साफ करने से पहले इसे बंद कर दें और इसकी सतह को ठंडा होने दें. गर्म सतह पर तुरंत पानी या क्लीनर डालने से बचें. सतह ठंडी होने के बाद माइक्रोफाइबर कपड़े से पहले खाने के टुकड़े, धूल और दूसरी गंदगी हटा दें.
अब एक मुलायम कपड़े को हल्के गुनगुने पानी में भिगोएं. इसमें थोड़ा सा डिश सोप या हल्का क्लीनर लगाएं. इसके बाद इंडक्शन की सतह को बिना ज्यादा दबाव दिए धीरे-धीरे साफ करें. ज्यादा जोर से रगड़ने की जरूरत नहीं है.
सफाई के बाद साफ पानी से हल्का गीला कपड़ा लेकर सतह को दोबारा पोंछें. आखिर में सूखे और मुलायम कपड़े से इसे अच्छी तरह सुखा दें. इससे पानी के निशान भी कम होंगे और सतह साफ दिखाई देगी.
अगर खाना जलकर इंडक्शन पर चिपक गया है तो उसे जोर से न रगड़ें. ऐसे दाग के लिए ग्लास कुकटॉप क्लीनर इस्तेमाल कर सकते हैं. क्लीनर को कुछ समय दाग पर लगा रहने दें. इसके बाद माइक्रोफाइबर कपड़े से धीरे-धीरे साफ करें.
बहुत जिद्दी दाग के लिए बेकिंग सोडा और सफेद सिरके का पेस्ट भी इस्तेमाल किया जा सकता है. ज्यादा चिपके अवशेष को हटाने के लिए इंडक्शन के लिए उपयुक्त स्क्रैपर सावधानी से इस्तेमाल करें.
इंडक्शन साफ करते समय खुरदुरे स्क्रबर, हार्ड क्लॉथ और बहुत तेज सफाई वाले प्रोडक्ट का इस्तेमाल न करें. ओवन क्लीनर से भी बचना चाहिए. ये चीजें सतह को नुकसान पहुंचा सकती हैं.