टमाटर का इस्तेमाल लगभग हर सब्जी, दाल और सलाद में किया जाता है. यही वजह है कि घर में टमाटर खत्म होना कई बार परेशानी का कारण बन जाता है. लेकिन गर्मियों के मौसम में बढ़ती गर्मी और नमी के कारण टमाटर बहुत जल्दी खराब होने लगते हैं. कई बार तो दो-तीन दिनों के भीतर ही ये नरम पड़ जाते हैं और इस्तेमाल के लायक नहीं बचते.
ऐसे में बार-बार बाजार जाकर ताजे टमाटर खरीदने पड़ते हैं. अगर आप भी इस समस्या से परेशान हैं, तो कुछ आसान स्टोरेज ट्रिक्स अपनाकर टमाटर को लंबे समय तक ताजा रखा जा सकता है.
फ्रिज में क्यों खराब हो जाते हैं टमाटर?
अक्सर लोग सोचते हैं कि फ्रिज में रखने से हर चीज लंबे समय तक सेफ रहती है, लेकिन टमाटर के मामले में ऐसा हमेशा नहीं होता. बहुत ज्यादा ठंडा तापमान टमाटर को नुकसान पहुंचाता है. खासतौर पर 10 डिग्री सेल्सियस से कम तापमान में टमाटर का स्वाद, रंग और बनावट को खराब कर सकता है.
गर्मियों में जब फ्रिज का तापमान काफी कम रहता है, तब टमाटर की बाहरी परत नरम पड़ जाती है और उनमें फफूंदी या बैक्टीरिया तेजी से पनपने लगते हैं. यही कारण है कि कई बार फ्रिज में रखे टमाटर भी जल्दी सड़ जाते हैं.
टिश्यू पेपर वाली ट्रिक रखेगी टमाटर फ्रेश
अगर आप चाहते हैं कि टमाटर लंबे समय तक ताजे बने रहें, तो उन्हें फ्रिज में रखने से पहले अच्छी तरह धोकर पूरी तरह सुखा लें. इसके बाद एक कंटेनर में टिश्यू पेपर की परत बिछाएं. अब टमाटरों को उल्टा रखें यानी उनका डंठल वाला हिस्सा नीचे की तरफ होना चाहिए. ऊपर से फिर एक टिश्यू पेपर रखकर कंटेनर को बंद कर दें. इस तरीके से नमी कंट्रोल में रहती है और टमाटर जल्दी खराब नहीं होते.
तेल लगाने की ट्रिक भी है बेहद कारगर
टमाटर को लंबे समय तक सेफ रखने के लिए एक और आसान तरीका अपनाया जा सकता है. सबसे पहले टमाटर को साफ करके अच्छी तरह सुखा लें. इसके बाद उनके डंठल वाले हिस्से पर हल्का सा तेल लगा दें. अब सभी टमाटरों को एयरटाइट कंटेनर में बंद करके फ्रिज की ऊपरी शेल्फ पर रखें. यह तरीका टमाटर में नमी और बैक्टीरिया को बढ़ने से रोकने में मदद करता है.
गर्मी के मौसम में टमाटर को लंबे समय तक किचन काउंटर पर खुला छोड़ना सही नहीं माना जाता. रूम टेंपरेचर पर ये केवल एक-दो दिन तक ही ताजे रह पाते हैं. इसके अलावा फ्रिज में भी टमाटर को खुला रखने से बचना चाहिए. सही तरीके से स्टोर किए गए टमाटर न केवल ज्यादा दिनों तक चलते हैं, बल्कि उनका स्वाद और ताजगी भी बनी रहती है.