Tips to Check Lal Mirch Purity: कई व्यंजनों को बनाने में लाल मिर्च पाउडर का इस्तेमाल किया जाता है. लाल मिर्च पाउडर से खाने का स्वाद चटपटा हो जाता है. आजकल अधिक मुनाफा कमाने के लिए लाल मिर्च पाउडर में मिलावट कर बेचा जा रहा है.
कई दुकानदार लाल मिर्च पाउडर का वजन बढ़ाने और रंग ज्यादा चमकदार दिखाने के लिए इसमें कृत्रिम रंग, ईंट का पाउडर, चॉक पाउडर या खराब क्वालिटी की चीजें मिला देते हैं. मिलावटी लाल मिर्च सेहत के लिए बेहद नुकसानदायक हो सकती है. मिलावटी लाल मिर्च पाउडर खाने से पेट की समस्या, एलर्जी और पाचन संबंधी दिक्कतें हो सकती हैं. लिवर और आंतों को भी नुकसान हो सकता है. ऐसे में हम आपको बता रहे हैं कैसे असली और नकली लाल मिर्च पाउडर की पहचान कर सकते हैं?
1. पानी में डालकर
लाल मिर्च पाउडर मिलावटी है या शुद्ध इसको जांचने के लिए आप पानी का इस्तेमाल कर सकते हैं. एक गिलास पानी लें और उसमें एक चम्मच लाल मिर्च पाउडर को डाल दें. यदि मिर्च धीरे-धीरे पानी में ऊपर तैरती रहे और पानी का रंग तुरंत गहरा लाल न हो तो समझें कि लाल मिर्च पाउडर शुद्ध है. यदि लाल मिर्च पाउडर डालते ही पानी तेज लाल रंग छोड़ने लगे या नीचे भारी कण जमा हो जाएं तो समझें इसमें मिलावट है.
2. हथेली पर रगड़कर
आप लाल मिर्च मिलावटी है या शुद्ध इसकी पहचान लाल मिर्च को हथेली पर रगड़कर कर सकते हैं. थोड़ी सी लाल मिर्च हथेली पर लेकर रगड़ें. यदि हथेली पर बहुत ज्यादा चमकीला लाल रंग रह जाए तो समझें कि कृत्रिम रंग मिला है. असली लाल मिर्च का रंग हल्का और प्राकृतिक दिखाई देता है जबकि नकली रंग वाली मिर्च हाथों पर ज्यादा दाग छोड़ सकती है.
3. तेल की मदद से करें पहचान
लाल मिर्च पाउडर मिलावटी है या शुद्ध इसको जांचने के लिए तेल का इस्तेमाल कर सकते हैं. सबसे पहले एक कटोरी में तेल लें और उसमें लाल मिर्च पाउडर को डाल दें. यदि तेल का रंग तुरंत गहरा लाल हो जाए तो समझें यह लाल मिर्च पाउडर मिलावटी है. आपको मालूम हो कि शुद्ध मिर्च में रंग धीरे-धीरे निकलता है और उसका टेक्सचर भी ज्यादा प्राकृतिक लगता है.
4. आयोडिन सॉल्यूशन से करें पहचान
आपको मालूम हो कि बाजार में लाल मिर्च पाउडर में स्टार्च पाउडर को मिलाकर भी बेचा जा रहा है. ऐसे में इसकी जांच करने के लिए एक चम्मच लाल मिर्च पाउडर में आयोडिन सॉल्यूशन की कुछ बूंदें डालकर देखें. यदि लाल मिर्च पाउडर का रंग नीला हो जाए तो समझें इसमें स्टार्ट की मिलावट की गई है.