हर घर के किचन में तरह-तरह के पकवान बनाने के लिए आलू और प्याज का इस्तेमाल किया जाता है. आलू और प्याज महीनों तक खराब नहीं होते हैं, बसर्ते आप इन्हें सही तरीके से स्टोर करके रखें. आपको मालूम हो कि आलू और प्याज को फ्रिज में नहीं रखा जाता है, ऐसे में इन्हें कैसे स्टोर करना है आप यहां जान सकते हैं. गर्मी के मौसम में यदि आप आलू और प्याज को सही तरीके से नहीं रखेंगे तो ये जल्दी सड़ने और खराब होने लगेंगे. सड़ने के बाद घर में बदबू भी आने लगेगी.
गर्मी के मौसम में प्याज को कैसे करें स्टोर
1. आप चाहते हैं कि गर्मी के मौसम में प्याज लंबे समय तक न सड़े तो इसे ठंडी, सूखी और हवादार जगह पर स्टोर करें. आप प्याज को किचन का कोई हवादार कोना या स्टोरेज रैक पर रख सकते हैं. भूलकर भी प्याज को तेज धूप में न रखें. यदि आप ऐसा करेंगे तो प्याज में फंगस लग सकता है.
2. यदि आप चाहते हैं कि प्याज लंबे समय तक सही रहे तो आप इसे एक-एक करके टिश्यू पेपर में लपेटकर रख सकते हैं. आपको मालूम हो कि टिश्यू पेपर अतिरिक्त नमी को सोख लेता है और प्याज जल्दी खराब नहीं होता है. प्याज को कभी भी प्लास्टिक बैग में नहीं रखना चाहिए. प्लास्टिक बैग में रखने से हवा का सही प्रवाह नहीं होता है और नमी जमने लगती है, जिससे प्याज सड़ने लगते हैं.
3. प्याज को सड़ने से बचाने के लिए आप जालीदार बैग या हवादार कपड़े के बैग में रख सकते हैं. ऐसा करने से हवा का सही संचार बना रहता और प्याज जल्दी खराब नहीं होती है.
4. प्याज और आलू को कभी भी एक साथ स्टोर कर नहीं रखना चाहिए. ऐसा करने से दोनों सड़ने लगते हैं. प्याज को सीधे पर्श पर नहीं रखना चाहिए. प्याज को सड़ने से बचाने के लिए आप इसे टोकरी या लकड़ी के क्रेट में रख सकते हैं. ऐसा करने से नीचे से हवा का प्रवाह बना रहता है. आप प्याज को कहीं लटकाकर रख सकते हैं. ऐसा करने से नमी नहीं जमती है और प्याज लंबे समय तक सही रहता है.
गर्मी के मौसम में आलू को ऐसे करें स्टोर
1. आलू को सड़ने से बचाने के लिए इसे ऐसी जगह पर रखना चाहिए जहां सीधी धूप न आती हो. तापमान अधिक होने पर आलू सड़ने लगता है. आलू को आप सूखी और हवादार जगह पर रख सकते हैं.
2. आलू को 10°C (50°F) तापमान पर रखना अच्छा होता है. आपको मालूम हो कि बहुत ठंडे तापमान (लगभग 5°C से कम) पर रखने से आलू का स्टार्च शुगर में बदल जाता है. इससे स्वाद और टेक्सचर खराब हो जाता है.
3. आलू को सड़ने से बचाना है तो इसे भूलकर भी प्लास्टिक बैग में न रखें. प्लास्टिक बैग में आलू रखने से अंदर हवा नहीं जा पाती है और नमी जमने लगती है. इससे आलू सड़ने लगते हैं. आलू को आप जालीदार बैग, पेपर बैग या टोकरी में रख सकते हैं.
4. आलू को आप जहां भी स्टोर किए हैं वहां जाकर समय-समय पर आलू को जांचते रहे. यदि कोई आलू सड़ रहा है या अंकुर निकल रहा है तो ऐसे आलू को तुरंत हटा दें. ऐसा करने पर बाकी आलू ठीक रहेंगे. आलू को स्टोर करने से पहले कभी भी धोना नहीं चाहिए. ऐसा करने पर नमी आलू को जल्दी खराब कर सकती है.
5. आलू को फ्रिज में कभी भी नहीं रखना चाहिए. फ्रिज बहुत ठंडा होता है. इससे आलू में शुगर बढ़ जाती है और एक हानिकारक केमिकल बन सकता है. यदि आपने आलू काट या छील लिया है तो इसे पानी में डुबोकर फ्रिज में रख सकते हैं. कटे और छीले आलू 24 घंटे तक सही रह सकते हैं. हालांकि इससे पहले ही इस आलू को इस्तेमाल करने की कोशिश करें.