फरवरी के महीने में पौधों को खास पोषण की जरूरत होती है, ताकि गर्मी के सीजन में वे नई पत्तियां निकालें और उनकी ग्रोथ बेहतर हो. अगर आपके घर या गार्डन के पौधे ठीक से नहीं बढ़ रहे हैं, पत्तियां पीली पड़ रही हैं या कीड़े लगने की समस्या हो रही है, तो आप एक आसान और घरेलू लिक्विड फर्टिलाइजर का इस्तेमाल कर सकते हैं.
अच्छी खबर यह है कि यह खाद आपकी रसोई में ही मौजूद होती है. इसके लिए आपको पैसे खर्च करने की जरूरत नहीं पड़ती.
बटर मिल्क या छाछ पौधों के लिए बेहद फायदेमंद प्राकृतिक खाद है. इसमें कैल्शियम और मैग्नीशियम जैसे जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो पौधों की जड़ों को मजबूत बनाते हैं और नई पत्तियों के विकास में मदद करते हैं.
कैसे बनाएं लिक्विड फर्टिलाइजर
इस खाद को तैयार करना बेहद आसान है. एक लीटर पानी में 4 से 5 चम्मच पुरानी छाछ मिलाएं और इसे अच्छी तरह घोल लें. अब इस घोल को हर 10 दिन में एक बार पौधों की जड़ों में डालें. ध्यान रखें कि छाछ बहुत ज्यादा गाढ़ी न हो, वरना मिट्टी में जमा हो सकती है.
कीड़ों से भी मिलेगा छुटकारा
छाछ का यह घोल सिर्फ खाद का काम नहीं करता, बल्कि पौधों को कीड़ों से भी बचाता है. इसमें मौजूद प्राकृतिक तत्व कीड़ों की वृद्धि को रोकते हैं, जिससे पौधे स्वस्थ रहते हैं. केमिकल फर्टिलाइजर की तुलना में यह पूरी तरह ऑर्गेनिक है और मिट्टी की गुणवत्ता को भी खराब नहीं करता.
इन बातों का रखें ध्यान
छाछ हमेशा 4-5 दिन पुरानी ही इस्तेमाल करें.
खाद डालने से पहले मिट्टी हल्की नम होनी चाहिए.
जरूरत से ज्यादा मात्रा न डालें, वरना जड़े सड़ सकती हैं.
सुबह या शाम के समय ही खाद डालना बेहतर होता है.