गर्मियों के मौसम में दही का इस्तेमाल हर घर में बढ़ जाता है. छाछ, लस्सी और रायता जैसे ठंडक देने वाले डिश रोज़ बनती हैं. लेकिन कई बार दही ज्यादा खट्टी हो जाती है और लोग उसे बेकार समझकर फेंक देते हैं. जबकि सच यह है कि खट्टी दही कई स्वादिष्ट और खास रेसिपीज़ बनाने के लिए बिल्कुल परफेक्ट होती है. अगर आपके घर में भी दही खट्टी हो गई है, तो इसे फेंकने की बजाय इन मजेदार डिशेज़ में इस्तेमाल करें.
खट्टी दही से बनाएं मलाईदार श्रीखंड
श्रीखंड एक ऐसी मिठाई है जो खासतौर पर हल्की खट्टी दही से ही बेहतर बनती है. इसे बनाने के लिए दही को एक कपड़े में बांधकर लटका दें ताकि उसका सारा पानी निकल जाए. इसके बाद गाढ़ी दही में चीनी और केसर मिलाकर अच्छी तरह फेंटें. इससे एक क्रीमी, मीठा और खुशबूदार श्रीखंड तैयार होता है जो गर्मियों में बेहद पसंद किया जाता है.
स्वाद से भरपूर कढ़ी का राज
खट्टी दही से बनी कढ़ी का स्वाद सबसे अलग और गहरा होता है. दही में बेसन मिलाकर घोल तैयार करें और फिर इसमें मसालों का तड़का लगाएं. आप इसमें पकौड़े, बूंदी या सब्जियां डालकर इसे और भी स्वादिष्ट बना सकती हैं. खट्टी दही कढ़ी को एकदम संतुलित खट्टापन देती है.
मीठे मालपुए का नया ट्विस्ट
अगर आपके पास खट्टी दही बची है तो उससे मालपुए बनाना एक शानदार आइडिया है. दही में मैदा, चीनी और थोड़ा सा बेकिंग सोडा मिलाकर घोल तैयार करें और इसे तेल में तलें. यह रेसिपी आसान होने के साथ-साथ स्वाद में भी लाजवाब होती है.
ढोकले में लाएं परफेक्ट खमीर
ढोकला बनाते समय खमीर सही आना बहुत जरूरी होता है. खट्टी दही इसमें फर्मेंटेशन लाने में मदद करती है. इससे ढोकला स्पंजी और हल्का बनता है, जो खाने में बेहद स्वादिष्ट लगता है.
बिना यीस्ट के फूले-फूले भटूरे
भटूरे बनाने के लिए अक्सर यीस्ट या ईनो का इस्तेमाल किया जाता है, लेकिन खट्टी दही इसका बेहतरीन विकल्प है. इसे आटे या मैदे में मिलाने से भटूरे अच्छे से फूलते हैं और उनमें जालीदार टेक्सचर आता है.
सिंपल चीले को बनाएं खास
अगर आपका बेसन का चीला साधारण लगता है, तो उसमें खट्टी दही मिलाकर देखें. इससे चीले का स्वाद हल्का खट्टा और ज्यादा टेस्टी हो जाता है, जो नाश्ते के लिए एक बेहतरीन विकल्प है.