scorecardresearch

Lauki Chilka Chutney Recipe: लौकी के छिलके फेंकने से पहले रोक लें हाथ.. इस रेसिपी से तैयार करें तीखी और खट्टी चटनी, न्यूट्रिशन और स्वाद से है भरपूर

लौकी का सेवन सेहत के लिए जितना फायदेमंद है, उतना ही फायदा इसके छिलकों से भी मिलता है. जिन्हें अक्सर कचरा समझ फेंक दिया जाता है. आप इनसे एक खास चटनी तैयार कर सकते हैं.

Lauki Chilka Chutney Recipe Lauki Chilka Chutney Recipe

अक्सर हम रसोई में लौकी का इस्तेमाल तो करते हैं, लेकिन उसके छिलकों को बेकार समझकर फेंक देते हैं. लेकिन, इस आदत को बदलने का समय आ गया है. लौकी के छिलकों से बनने वाली चटनी न सिर्फ टेस्टी होती है, बल्कि सेहत के लिए भी बेहद फायदेमंद मानी जाती है. इसमें मौजूद फाइबर डाइजेशन सिस्टम को मजबूत बनाता है और शरीर को लाइट महसूस कराता है. खासतौर पर गर्मियों में यह चटनी शरीर को ठंडक पहुंचाने के साथ-साथ न्यूट्रिशन भी देती है.

लौकी के छिलकों में विटामिन्स, मिनरल्स और एंटीऑक्सीडेंट्स पाए जाते हैं. ये शरीर की डिटॉक्स प्रोसेस को बेहतर बनाने में मदद करते हैं. इसके अलावा, यह चटनी कम कैलोरी वाली होती है, जिससे वजन कंट्रोल में रखने वालों के लिए भी यह एक बेहतरीन ऑप्शन है. स्वाद के मामले में भी यह किसी दूसरी चटनी से कम नहीं है. इसका स्वाद हल्का तीखा, थोड़ा खट्टा और बेहद लाजवाब होता है.

चटनी बनाने के लिए जरूरी इंग्रीडिएंट्स
इस चटनी को बनाने के लिए आपको लौकी के छिलके (पानी में भीगे हुए), टमाटर, तिल, लाल मिर्च पाउडर, चीनी, लहसुन की कलियां, तेल और नमक की जरूरत पड़ेगी.

कैसे तैयार होगी ये खास चटनी

  • चटनी बनाने के लिए सबसे पहले लौकी के छिलकों को अच्छे से धोकर लगभग 30 मिनट तक पानी में भिगोकर रखें ताकि वे नरम हो जाएं. इसके बाद इन्हें छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें. साथ ही टमाटर और लहसुन को भी बारीक काट लें.
  • अब एक कड़ाही में तेल गर्म करें और उसमें कटे हुए टमाटर और लौकी के छिलके डालकर मध्यम आंच पर लगभग 5 मिनट तक भूनें. जब ये थोड़ा नरम हो जाएं, तब इसमें लाल मिर्च पाउडर, लहसुन और नमक डालकर 2 मिनट तक और पकाएं. पकने के बाद गैस बंद करके मिक्सचर को ठंडा होने दें.
  • ठंडा होने के बाद इसे मिक्सर में डालकर बारीक पीस लें. तैयार चटनी को एक बाउल में निकालें और उसमें तिल मिलाएं. आप चाहें तो तिल को हल्का भूनकर डाल सकते हैं, जिससे स्वाद और भी बढ़ जाएगा.

रोटी से लेकर चावल के साथ करें सर्व
यह चटनी रोटी, पराठा या चावल के साथ बेहद स्वादिष्ट लगती है. इसे लंच या डिनर किसी भी समय परोसा जा सकता है. अगर आप कुछ हेल्दी और नया ट्राई करना चाहते हैं, तो यह चटनी जरूर बनाएं और अपने खाने का स्वाद बढ़ाएं.