किचन में रोटी की अपनी एक खास जगह होती है. चाहे लंच हो या डिनर, बिना रोटी के खाना अधूरा सा लगता है. लेकिन हर किसी की रोटी एक जैसी नहीं बनती. किसी की रोटी नरम और फूली-फूली होती है, तो किसी की कड़क रह जाती है. असल में फर्क बड़े बदलावों में नहीं, बल्कि छोटी-छोटी बातों में छिपा होता है. अगर कुछ बेसिक टिप्स का ध्यान रखा जाए, तो हर बार परफेक्ट और सॉफ रोटियां बनाना बिल्कुल आसान हो जाता है. अगर आप भी ऐसी परफेक्ट रोटी बनाना चाहते हैं तो इन टिप्स को फॉलो करें.
क्या है आटा गूंथने का सही तरीका
अच्छी रोटी बनाने की शुरुआत सही तरीके से आटा गूंथने से होती है. आटा गूंथते समय अगर हल्का सा नमक मिला लें, तो रोटी का स्वाद बढ़ जाता है. साथ ही आटा गूंथने के लिए रूम टेंपरेचर वाला पानी इस्तेमाल करें. कोशिश करें कि आपका गूंथा हुआ आटा न ज्यादा सख्त हो और न बहुत ढीला, मीडियम सॉफ्ट आटा सबसे बेहतर रहता है. यह आटा रोटी को नरम और बेलने में आसान बनाता है.
गूंथे हुए आटे को दें आराम
आटा गूंथने के फौरन बाद रोटी बनाना एक आम गलती है. लेकिन बेहतर यह होगा कि आप आटा गूंथने के बाद आटे को कम से कम 20–25 मिनट तक ढककर रखें. ऐसा करने से ग्लूटेन अच्छी तरह सेट हो जाता है और आटा रिलैक्स हो जाता है, जिससे रोटी बेलना आसान होता है और उसका टेक्सचर भी ज्यादा सॉफ्ट बनता है.
बेलते समय अपनाएं यह ट्रिक
अक्सर रोटी बेलते समय सूखा आटा इस्तेमाल किया जाता है ताकि वह चिपके नहीं, लेकिन यह रोटी को सूखा बना सकता है. इसके बजाय चकले पर हल्का सा घी लगाकर रोटी बेलें. यह तरीका रोटी को ज्यादा मुलायम और टेस्टी बनाता है, साथ ही बेलना भी आसान हो जाता है.
पकाने का सही तरीका
रोटी को तवे के बाद सीधे आंच पर सेंकने से वह कड़क हो सकती है. बेहतर है कि रोटी को पूरी तरह तवे पर ही पकाएं. पहले दोनों तरफ से सेकें, फिर साफ कपड़े से हल्का दबाते हुए पकाएं. इससे रोटी अच्छी तरह फूलती है और सॉफ्ट रहती है.