How to Clean Water Tank: गर्मी और बारिश के मौसम में धूल भरी आंधी चलने और बरसात होने से अक्सर घर की छत पर रखी पानी की टंकी गंदी हो जाती है. कुछ लोग पानी की टंकी में पानी तो भरते हैं लेकिन महीनों तक इसकी साफ-सफाई नहीं करते हैं. ऐसे में पानी की टंकी के अंदर मिट्टी और काई जम जाती है. इससे पानी की टंकी में बैक्टीरिया पनपने लगते हैं, ये पानी की क्वालिटी को खराब कर देते हैं. इस पानी को पीने पर आप बीमार तक पड़ सकते हैं. यह पानी स्नान करने लायक भी नहीं होता है. यदि आपके घर की छत पर रखी पानी की टंकी भी गंदी हो गई है. टंकी के अंदर मिट्टी और काई जम गई है. टंकी के पानी से बदबू आ रहा है और पानी की टंकी को साफ करने को लेकर आप परेशान हैं तो आपकी परेशानी दूर हो सकती है. हम आपको कुछ टिप्स बता रहे हैं, जिन्हें आजमाकर आप पानी की टंकी को सिर्फ 2 मिनट में चकाचक साफ कर सकते हैं.
सबसे पहले पानी की टंकी को पूरी तरह कर लें खाली
यदि आप पानी की टंकी को साफ करने जा रहे हैं तो आपको सबसे पहले टंकी को पूरी तरह खाली कर लेना चाहिए. इसके लिए मोटर और टंकी में पानी की सप्लाई बंद कर दे, ताकि सफाई के दौरान टंकी में दोबारा पानी न भरें. इसके बाद टंकी से सारा पानी बाहर निकाल दें. यदि टंकी के नीचे थोड़ा पानी बच जाए तो उसे बाल्टी या मग की मदद से बाहर निकाल दें. आपको मालूम हो कि टंकी पूरी तरह खाली होने पर ही उसके अंदर की गंदगी साफ दिखाई देगी. टंकी के अंदर उतरते समय विशेष सावधानी रखें क्योंकि फिसलन के कारण आपको चोट लग सकती है.
पानी टंकी के अंदर जमी हुई काई और गंदगी को ऐसे हटाएं
पानी की टंकी को खाली करने के बाद उसके अंदर जमी मिट्टी, काई और कचरा को साफ करें. पानी की टंकी की सफाई करते समय हाथ में ग्लव्स जरूर पहनें. पानी टंकी की सफाई के लिए मजबूत ब्रश या लंबे हैंडल वाले ब्रश का इस्तेमाल करें. पानी की टंकी में जाकर आप ब्लीचिंग पाउडर और पानी से टंकी की साफाई कर सकते हैं. पानी टंकी की दीवारों और तली को अच्छी तरह रगड़े, ताकि जमी हुई गंदगी निकाल सके. कई लोग पानी टंकी को साफ करने के लिए नारियल झाड़ू या जूट के बोरा का इस्तेमाल भी करते हैं.
नमक से करें पानी टंकी की सफाई
यदि आप पानी की टंकी की सफाई करने के लिए अधिक केमिकल इस्तेमाल नहीं करना चाहते हैं तो घर में मौजूद नमक का उपयोग कर सकते हैं. आप एक बाल्टी पानी में नमक मिलाकर घोल तैयार करें. इसके बाद इस घोल को पानी टंकी की दीवारों और गंदगी वाली जगह पर डाल दें. टंकी में जहां अधिक दाग हो वहां थोड़ा सूखा नमक भी छिड़क सकते हैं. फिर 30 मिनट तक ऐसे ही छोड़ दे. इससे टंकी मं जमी हुई चिकनाई और काई ढीली पड़ जाती है और बाद में टंकी की सफाई करना आसान हो जाता है.
पानी टंकी की फिटकरी से करें सफाई
पानी टंकी को पूरी तरह साफ करने के लिए फिटकरी का इस्तेमाल कर सकते हैं. एक बाल्टी पानी में 20 से 30 ग्राम फिटकरी मिलाकर घोल तैयार करें. इसके बाद फिटकरी और पानी के घोल को टंकी में डालें. इसके बाद टंकी रगड़ें. ऐसा करने से टंकी में जमी गंदगी साफ हो जाएगी. टंकी एकदम नया जैसा हो जाएगा.
ब्लीचिंग पाउडर से करें सफाई
आप पानी टंकी को साफ करने के लिए ब्लीचिंग पाउडर का इस्तेमाल कर सकते हैं. इसके लिए 1 लीटर पानी में 1 से 2 चम्मच ब्लीचिंग पाउडर मिलाकर घोल बनाएं. फिर इस घोल को पानी टंकी के अंदर डाल दें. अब झाड़ू या ब्रश की मदद से टंकी की सफाई करें. एक से दो बार टंकी में पानी भरकर उसे बाहर निकाल दें. इसके बाद फ्रेश पानी भरें. इससे टंकी एकदम साफ हो जाएगी. नल से पानी भी एकमद साफ निकलेगा.
जामुन की लकड़ी का करें इस्तेमाल
आपको मालूम हो कि कई लोग पानी की टंकी को साफ रखने के लिए जामुन की लकड़ी का इस्तेमाल करते हैं. जामुन की लकड़ी पानी में काई और शैवाल बनने से रोकने में मदद करती है. आपको मालूम हो कि गांवों में पुराने समय में कुओं का पानी साफ रखने के लिए इसका इस्तेमाल किया जाता था. यदि आपकी टंकी साफ है तो उसमें जामुन की लकड़ी या छोटा टुकड़ा डाल सकते हैं. जामुन की लकड़ी को पानी की टंकी में डालने से पहले टंकी से पानी पूरी तरह से निकाल लें. इसके बाद एक बाल्टी पानी में सिरका, बेकिंग सोडा, डिटर्जेंट पाउडर डालकर अच्छी तरह से मिला लें. इसके बाद इस घोल को टंकी में डाल दें. एक घंटे तक इसे टंकी में रहने दें. इसके बाद टंकी की सफाई करें. टंकी में एक डंडे में ब्रश या कपड़ा बांधकर या फिर झाडू डालकर रगड़ सकते हैं. इससे टंकी के अंदरूनी हिस्सी में जमी काई हट जाएगी. ऐसा करने के बाद टंकी में फूल पानी भरें और फिर इसे गिरा दें. एक-दो बार पानी आधा भरकर गिरा दें. अब फ्रेश पानी भरें और 2 से 3 जामुन की लकड़ी यो छोटा टुकड़ा डाल दें. ऐसा करने से पानी की टंकी कई दिनों तक साफ रहेगी.