आजकल डेट पर जाना सिर्फ क्या पहनें और कहां जाएं तक सीमित नहीं रह गया है. डेट से पहले कपड़े, ग्रूमिंग, कैब या पेट्रोल और फिर रेस्टोरेंट का बिल... हर चीज जेब पर भारी पड़ती है. यही वजह है कि Gen Z और मिलेनियल्स के बीच अब महंगी डेट के बजाय कम खर्च में साथ वक्त बिताने का ट्रेंड बढ़ रहा है. इसे Infladating या Dateflation कहा जा रहा है.
डेटिंग पर समझदारी से पैसा खर्च करना
Infladating दो शब्दों Inflation और Dating से मिलकर बना है. आसान भाषा में इसका मतलब है महंगाई को देखते हुए डेटिंग पर समझदारी से पैसा खर्च करना. यानी पहली मुलाकात के लिए महंगे रेस्टोरेंट, लग्जरी गिफ्ट या लंबी ड्राइव जरूरी नहीं. अब लोग पार्क में टहलने, कॉफी पीने, घर पर खाना बनाने या साथ फिल्म देखने जैसे सस्ते विकल्प चुन रहे हैं.
अमेरिका में एक डेट का औसत खर्च 18 हजार रुपए तक पहुंचा
महंगाई का असर डेटिंग पर कितना पड़ा है, इसका अंदाजा अमेरिका के आंकड़ों से लगाया जा सकता है. BMO Financial Group के 2026 Real Financial Progress Index के मुताबिक, अमेरिका में एक डेट का औसत खर्च करीब 189 डॉलर यानी लगभग 18 हजार रुपए तक पहुंच गया है. इसमें डेट पर होने वाले खर्च के साथ ग्रूमिंग, आने-जाने के लिए गैस आदि का खर्च भी शामिल है. रिपोर्ट के अनुसार, 2025 में डेटिंग कर रहे लोगों ने साल में औसतन 12 डेट कीं, जबकि 2024 में यह संख्या 14 थी. यानी खर्च बढ़ने के साथ लोगों ने डेट की संख्या भी कम कर दी. एक सर्वे में Gen Z ने एक डेट पर औसतन 205 डॉलर और मिलेनियल्स ने 252 डॉलर खर्च किए. करीब 47% सिंगल्स का मानना था कि डेटिंग उनके लिए खर्च के हिसाब से बहुत महंगी पड़ रही है.
अब महंगी डेट के बदले क्वालिटी टाइम जरूरी
Infladating को सिर्फ पैसे बचाने का तरीका समझना सही नहीं होगा. रिलेशनशिप एक्सपर्ट्स का मानना है कि कम बजट वाली डेट कई बार रिश्ते के लिए ज्यादा बेहतर हो सकती है. महंगे डिनर की जगह पार्क में वॉक, घर पर साथ खाना बनाना, लाइब्रेरी जाना या फिल्म देखना लोगों को एक-दूसरे से बात करने और समझने का ज्यादा मौका देता है.
पहली डेट पर जरूरत से ज्यादा खर्च भी रेड फ्लैग
दिलचस्प बात यह है कि डेट पर बहुत ज्यादा पैसा खर्च करना अब हमेशा अच्छी बात नहीं मानी जा रही. पहली ही मुलाकात में महंगा डिनर, महंगे गिफ्ट या जरूरत से ज्यादा रोमांस सामने वाले को प्रभावित करने के बजाय सवाल खड़े कर सकता है. अगर किसी रिश्ते में शुरुआत से ही दिखावे और पैसों का दबाव ज्यादा हो, तो यह रेड फ्लैग भी हो सकता है.
पैसे पर खुलकर बात करना भी डेटिंग का हिस्सा
Infladating का एक फायदा यह भी है कि युवा अब रिश्तों में पैसों को लेकर ज्यादा खुलकर बात कर रहे हैं. पहले पार्टनर के सामने अपनी खर्च की आदतों पर बात करना अजीब माना जाता था. अब Financial Compatibility भी रिश्ते का अहम हिस्सा बन रही है.
ये भी पढ़ें: