Tips To Check LPG In Cylinder: कहीं आपके नए सिलेंडर में गैस कम तो नहीं.. इस घरेलू नुस्खे से करें चैक, ऐसे करें शिकायत..

कई बार यह शिकायतें सामने आती हैं कि सिलेंडर में गैस कम है या जल्दी खत्म हो जाती है. इस वजह से यह जरूरी हो जाता है कि सिलेंडर लेते समय थोड़ी सावधानी बरती जाए.

LPG Gas Cylinder
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 15 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 8:04 AM IST

रसोई में गैस सिलेंडर खत्म हो जाए तो रसोई का पूरा काम प्रभावित हो जाता है. ऐसे में जब नया एलपीजी सिलेंडर घर पहुंचता है तो लोग अक्सर बिना जांच-पड़ताल किए ही उसे लगा देते हैं. हालांकि कई बार यह शिकायतें सामने आती हैं कि सिलेंडर में गैस कम है या जल्दी खत्म हो जाती है. इस वजह से यह जरूरी हो जाता है कि सिलेंडर लेते समय थोड़ी सावधानी बरती जाए. इन दिनों एलपीजी सिलेंडर की सप्लाई को लेकर भी निगरानी काफी सख्त है, फिर भी उपभोक्ताओं को खुद भी कुछ जरूरी बातें ध्यान में रखनी चाहिए.

सिलेंडर लेते ही सबसे पहले करें वजन
जब भी आपके घर नया गैस सिलेंडर पहुंचे तो सबसे पहले उसका वजन जरूर चेक करना चाहिए. घरेलू एलपीजी सिलेंडर में सामान्य तौर पर 14.2 किलोग्राम गैस भरी होती है. इसके अलावा सिलेंडर का खाली वजन भी उस पर लिखा होता है, जिसे टेयर वेट कहा जाता है. यह वजन आमतौर पर सिलेंडर के ऊपरी हिस्से या किनारे पर पेंट से लिखा रहता है.

अगर गैस के वजन को सिलेंडर के खाली वजन के साथ जोड़ा जाए तो कुल वजन लगभग 29 से 30 किलोग्राम के आसपास होना चाहिए. आमतौर पर डिलीवरी करने वाले व्यक्ति के पास वजन मापने की मशीन होती है. ऐसे में आप उनसे सिलेंडर तौलकर दिखाने के लिए कह सकते हैं. यदि वजन तय मानक से कम निकलता है तो आपको उसी समय सिलेंडर वापस करने का अधिकार होता है.

गर्म पानी से करें गैस का अंदाजा
अगर किसी कारण से सिलेंडर का वजन नहीं जांचा जा सका हो तो एक सरल घरेलू तरीका भी अपनाया जा सकता है. इसके लिए एक बाल्टी या जग में थोड़ा गर्म पानी लें और उसे सिलेंडर के किनारे से धीरे-धीरे डाल दें. कुछ समय बाद सिलेंडर की बाहरी सतह को हाथ से छूकर देखें. जिस हिस्से तक गैस भरी होती है वह हिस्सा थोड़ा ठंडा महसूस होता है, जबकि खाली हिस्से में तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं दिखता. हालांकि यह तरीका पूरी तरह सटीक नहीं माना जाता, लेकिन इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि सिलेंडर में गैस कितनी है या कहीं बहुत कम तो नहीं.

गैस कम लगे तो तुरंत दर्ज कराएं शिकायत
अगर आपको संदेह हो कि सिलेंडर में गैस कम है या डिलीवरी के दौरान कोई गड़बड़ी हुई है तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए. ऐसी स्थिति में तुरंत अपनी गैस एजेंसी से संपर्क करना जरूरी है. शिकायत दर्ज करते समय डिलीवरी की तारीख, कंज्यूमर नंबर और एजेंसी का नाम जैसी जानकारी देना जरूरी होता है.

इसके अलावा कई गैस कंपनियां मोबाइल ऐप और हेल्पलाइन नंबर के माध्यम से भी शिकायत दर्ज कराने की सुविधा देती हैं. जांच में अगर सिलेंडर में गैस की कमी पाई जाती है तो कंपनी की ओर से सिलेंडर बदलने की व्यवस्था भी की जा सकती है. इसलिए सिलेंडर लेते समय थोड़ी सावधानी बरतना ही सबसे बेहतर उपाय है, जिससे बाद में किसी परेशानी का सामना न करना पड़े.

 

Read more!

RECOMMENDED