गर्मियां आते ही लोग एयर कंडीशनर चलाना शुरू कर देते हैं। इससे गर्मी से राहत तो मिलती है, लेकिन बिजली का बिल भी तेजी से बढ़ता है. गर्मी बढ़ते ही लोग AC का तापमान बहुत कम कर देते हैं, जिससे बिजली बिल तेजी से बढ़ता है.
हालांकि, अगर एसी यूज करने के तरीकों में कुछ छोटे-छोटे बदलाव किए जाएं, तो बिजली बिल को काफी हद तक कंट्रोल किया जा सकता है. विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने एक आसान और कारगर तरीका बताया है, जिससे कमरा ठंडा भी रहेगा और बिजली का बिल भी कम आएगा. यह तरीका खासतौर पर उन लोगों के लिए उपयोगी है जो गर्मी में आरामदायक नींद चाहते हैं लेकिन बढ़ते बिल से परेशान हैं.
AC और पंखे का कॉम्बिनेशन ज्यादा असरदार
WHO के मुताबिक, AC का तापमान 27°C पर सेट करके साथ में पंखा चलाने से बेहतर कूलिंग मिलती है. यह कॉम्बिनेशन कमरे को करीब 4°C तक ज्यादा ठंडा महसूस करा सकता है. दरअसल, AC मध्यम स्तर पर काम करता है और पंखा ठंडी हवा को पूरे कमरे में समान रूप से फैला देता है. इससे AC पर ज्यादा लोड नहीं पड़ता और बिजली की बचत होती है.
बिजली की खपत 70% तक घट सकती है
इस तरीके का सबसे बड़ा फायदा यह है कि इससे कूलिंग के लिए होने वाली बिजली की खपत में 70% तक कमी आ सकती है. यानी लंबे समय तक AC चलाने के बावजूद बिल कंट्रोल में रह सकता है. बहुत कम तापमान पर AC चलाना न तो जरूरी है और न ही हमेशा फायदेमंद.
40°C से ज्यादा तापमान में पंखा न चलाएं
हालांकि WHO ने यह भी चेतावनी दी है कि जब बाहर का तापमान 40°C से ज्यादा हो जाए, तो पंखा चलाना नुकसानदेह हो सकता है. ऐसे में पंखा ठंडी हवा देने के बजाय गर्म हवा को ही घुमाता है, जिससे शरीर को राहत मिलने की बजाय और गर्मी लग सकती है.
घर को ठंडा रखने के छोटे-छोटे उपाय भी जरूरी
WHO ने कुछ आसान घरेलू उपाय भी बताए हैं. दिन के समय खिड़कियां और पर्दे बंद रखें ताकि धूप अंदर न आए. रात में तापमान कम होने पर खिड़कियां खोल सकते हैं. इसके अलावा कम से कम इलेक्ट्रॉनिक उपकरण इस्तेमाल करें, हल्के कपड़े पहनें, पतली चादर का इस्तेमाल करें और समय-समय पर ठंडे पानी से नहाएं.
अभी क्यों जरूरी है यह तरीका
मौसम विभाग के अनुसार देश के कई हिस्सों में गर्मी का असर अभी जारी रहेगा. ऐसे में डिहाइड्रेशन और हीट स्ट्रोक से बचने के लिए हाइड्रेटेड रहना, दोपहर की तेज धूप से बचना और शरीर के संकेतों पर ध्यान देना जरूरी है.
ये भी पढ़ें: