Car Driving Tip: कम स्पीड पर कांप रही कार? तो ज्यादा देर न करें.. फौरन हो आएं मैकेनिक के पास

आमतौर पर लोगों को अपनी गाड़ी से लंबे सफर पर जाना काफी पसंद होता है. लेकिन ऐसे में मजा तभी तक आता है, जब तक गाड़ी स्मूद चल रही है. अगर किसी में किसी भी तरह की कंपन होती है तो सारा मजा किरकिरा हो जाता है.

Car Driving Tip
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 26 मई 2026,
  • अपडेटेड 8:16 PM IST

गाड़ी चलाते समय कई बार ऐसा होता है कि शहर की सड़कों पर कार बिल्कुल स्मूद चलती है, लेकिन जैसे ही हाईवे पर तेज स्पीड पकड़ती है, तो उसमें कंपन महसूस होने लगता है. खासतौर पर 60 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार के बीच अगर स्टीयरिंग हिलने लगे, सीट कांपे या पूरी कार वाइब्रेट करे, तो यह किसी तकनीकी खराबी का संकेत हो सकता है. बहुत से लोग इसे सड़क की खराब हालत या तेज हवा का असर समझकर अनदेखा कर देते हैं, लेकिन यही छोटी लापरवाही बाद में बड़ी परेशानी और भारी खर्च का कारण बन सकती है.

टायर और व्हील बैलेंसिंग 
हाईवे पर कार में कंपन आने की सबसे आम वजह टायर और व्हील बैलेंसिंग की गड़बड़ी होती है. अगर टायर असमान तरीके से घिस गए हों या उनमें हवा का प्रेशर सही न हो, तो तेज स्पीड पर कार का बैलेंस बिगड़ने लगता है. इसका असर सीधे स्टीयरिंग पर दिखाई देता है और ड्राइविंग असहज लगने लगती है. इसके अलावा अगर लंबे समय से व्हील एलाइनमेंट नहीं कराया गया है, तब भी कार में कंपन महसूस हो सकता है. कई बार खराब सड़कों पर लगातार चलाने से एलॉय व्हील हल्का टेढ़ा हो जाता है, जिससे हाईवे पर कार स्थिर नहीं रह पाती.

सस्पेंशन हो सकता है खराब
खराब सड़क और गड्ढों का असर सिर्फ टायर पर ही नहीं, बल्कि सस्पेंशन सिस्टम पर भी पड़ता है. अगर शॉक एब्जॉर्बर कमजोर हो जाएं या सस्पेंशन पार्ट्स घिस जाएं, तो कार तेज स्पीड पर डगमगाने लगती है. शुरुआत में यह हल्का कंपन लगता है, लेकिन समय रहते ध्यान न दिया जाए तो यह ड्राइविंग को खतरनाक बना सकता है. इस परेशानी को दूर करने के लिए हर कुछ महीनों में टायर की हालत, हवा का प्रेशर और व्हील बैलेंसिंग जरूर चेक करवानी चाहिए. इससे कार की स्टेबिलिटी बेहतर रहती है और माइलेज पर भी अच्छा असर पड़ता है.

ब्रेक लगाने पर कांपता स्टीयरिंग
अगर कार ब्रेक लगाते समय ज्यादा कांपती है, तो इसके पीछे ब्रेक डिस्क या रोटर की खराबी हो सकती है. लगातार गर्म होने के कारण कई बार ब्रेक रोटर टेढ़े हो जाते हैं, जिससे ब्रेक लगाते वक्त स्टीयरिंग में कंपन महसूस होता है. वहीं एक्सल, बुश या सस्पेंशन जॉइंट में खराबी आने पर भी कार का कंट्रोल प्रभावित हो सकता है. इसे हल्के में लेना खतरनाक साबित हो सकता है क्योंकि समय के साथ टायर डैमेज, सस्पेंशन फेलियर और स्टीयरिंग कंट्रोल जैसी गंभीर समस्याएं सामने आ सकती हैं.

 

Read more!

RECOMMENDED